दुर्ग में आज शाम नहीं आएगा पानी: शिवनाथ इंटेकवेल में तकनीकी खराबी से जलापूर्ति प्रभावित
त्वरित खबरें :अरुण रिपोर्टिंग

दुर्ग। नगर पालिक निगम दुर्ग के शिवनाथ नदी इंटेकवेल स्थित सब स्टेशन में तकनीकी खराबी आने के कारण बुधवार शाम नगर निगम क्षेत्र की पेयजल आपूर्ति प्रभावित रहेगी। निगम प्रशासन ने बताया कि अत्यधिक नमी (मॉइश्चर) के कारण विद्युत पैनल में खराबी आ गई है, जिसे दूर करने के लिए विशेषज्ञों की टीम युद्धस्तर पर मरम्मत कार्य में जुटी हुई है।

नगर निगम के अनुसार तकनीकी सुधार कार्य में लगभग 7 से 8 घंटे का समय लग सकता है। इसी वजह से बुधवार शाम होने वाली जलापूर्ति प्रभावित रहेगी। विद्युत पैनल की मरम्मत और अन्य आवश्यक तकनीकी कार्य लगातार किए जा रहे हैं, ताकि पानी की आपूर्ति जल्द से जल्द बहाल की जा सके।

निगम प्रशासन ने नागरिकों से सहयोग और धैर्य बनाए रखने की अपील करते हुए कहा है कि यदि मरम्मत कार्य निर्धारित समय में पूरा हो जाता है, तो गुरुवार सुबह से शहर के सभी क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति पूर्ववत और सामान्य रूप से शुरू कर दी जाएगी।

नगर निगम ने इस असुविधा के लिए नागरिकों से खेद व्यक्त किया है और भरोसा दिलाया है कि जलापूर्ति व्यवस्था को शीघ्र बहाल करने के लिए संबंधित अधिकारी और तकनीकी अमला लगातार कार्य कर रहा है।

YOUR REACTION?

Facebook Conversations