दुर्ग में 600 नशीली टेबलेट के साथ तस्कर गिरफ्तार: नदी रोड पर बिक्री की फिराक में था आरोपी, 2.48 लाख की सामग्री जब्त
त्वरित खबरें :अरुण रिपोर्टिंग

दुर्ग। नशीली दवाइयों के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सिटी कोतवाली पुलिस ने नदी रोड क्षेत्र से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 600 नशीली टेबलेट, 3 हजार रुपये नकद और एक मोबाइल फोन सहित कुल 2.48 लाख रुपये की सामग्री जब्त की है।

पुलिस के अनुसार, 22 जुलाई को मुखबिर से सूचना मिली थी कि नदी रोड स्थित जैन मंदिर के पास एक व्यक्ति लाल रंग के कैरी बैग में नशीली टेबलेट लेकर बिक्री करने की फिराक में घूम रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध को पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम उमेश कुमार मौर्य (37) निवासी प्रयागराज, उत्तर प्रदेश बताया। तलाशी के दौरान उसके पास से 600 नशीली टेबलेट, बिक्री की रकम और एक विवो कंपनी का मोबाइल बरामद किया गया।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(बी) और 27(ए) के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं भी नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री या तस्करी की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें, ताकि ऐसे कारोबार पर प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

YOUR REACTION?

Facebook Conversations