धान के बोनस से धनतेरस पर बाजार में धन बरसेगा क्योंकि दीपावली के दो दिन पहले ही राज्योत्सव पर एक नवंबर को जिले के एक लाख 27 हजार 276 किसानों को 84 करोड़ 98 लाख 75 हजार रुपए मिलेगा। ब्लॉकवार कितने समिति में धान बेचने वाले कितने किसानों को कितनी राशि मिलेगी, इसकी लिस्ट तैयार कर ली गई है।
इसी हिसाब से सीधे संबंधित किसान के बैंक अकाउंट में राशि ट्रांसफर की जाएगी। जिसकी पुष्टि शनिवार को जिला सहकारी केंद्रीय मर्यादित बैंक व संसदीय सचिव कुंवर सिंह निषाद ने की है। श्री निषाद ने बताया कि सीएम के वादा अनुरूप राजीव गांधी किसान न्याय योजना के तहत तीसरी किस्त का भुगतान सोमवार तक कर लिया जाएगा। एक दिसंबर 2020 से 29 जनवरी 2021 तक समर्थन मूल्य पर धान बेचने के लिए उपयोग किए गए पंजीकृत बैंक खाते में राशि आएगी। किसानों के खाते में राशि आने का इंतजार जिलेभर के व्यापारी वर्ग कर रहे है, खरीदारी करने किसान पहुंचे।
व्यापारियों ने कहा- इस बार बेहतर कारोबार की उम्मीद
बालोद शहर व्यापारी संघ के अध्यक्ष भवानी शंकर अग्रवाल, उपाध्यक्ष अजय ओटवानी, सचिव प्रमोद पनपालिया, संरक्षक चंद्रप्रकाश अग्रवाल, देवराज, समीर गुप्ता, राजा सलूजा, नरेश आहुजा ने बताया कि इस बार दिवाली पर्व में बेहतर कारोबार की उम्मीद है। वैसे फिलहाल की स्थिति में कोरोना के चलते डेढ़ साल में बालोद के घरेलू बाजार का कारोबार 50 से 55% पर सिमटकर रह गया है। पिछले साल तो स्थिति ज्यादा ही खराब थी। इस साल भरपाई होने की उम्मीद है। किसानों को बोनस राशि मिलने से बालोद में कारोबार की गति बढ़ने की उम्मीद है। धनतेरस से दीपावली तक ग्राहकों के आने पर डिपेंड करेगा कि कितना व्यापार हुआ है। इसके लिए व्यापारी वर्ग भी इंतजार कर रहे हैं। ताकि व्यापार भी सहीं ढंग से हो सके।
इधर भीड़ बढ़ते क्रम पर, जवान तैनात रहेंगे
जिला यातायात प्रभारी नवल किशोर कश्यप ने बताया कि दीपावली के पहले ही बाजार में लोगों की भीड़ बढ़ती जा रही है। भीड़ होने से यातायात व्यवस्था को दुरूस्त करने के लिए जवानों की ड्यूटी लगाई गई है। व्यापारियों को सूचना दे दिए है कि दोपहर 2 बजे के बाद भारी वाहनों का प्रवेश बुधवारी बाजार, सदर रोड में प्रतिबंधित रहेगा वरना कार्रवाई की जाएगी।
जानिए ब्लॉकवार कितने खाते में आएगी राशि
1. बालोद ब्लॉक- यहां कुल 16 समितियों में धान बेचने वाले 17 हजार 338 किसानों के खाते में 10 करोड़ 53 लाख 90 हजार रुपए जारी होगी।
2. गुरूर ब्लॉक- यहां कुल 20 समितियों में धान बेचने वाले 23 हजार 5 किसानों के खाते में 14 करोड़ 57 लाख 27 हजार रुपए जारी होगी।
3. डौंडी ब्लॉक- यहां कुल 14 समितियों में धान बेचने वाले 13 हजार 56 किसानों के खाते में 8 करोड़ एक लाख 43 हजार रुपए जारी होगी।
4. डौंडी लोहारा ब्लॉक- यहां कुल 36 समितियों में धान बेचने वाले 33 हजार 964 किसानों के खाते में 23 करोड़ 30 लाख 37 हजार रुपए जारी होगी।
5. गुंडरदेही ब्लॉक- गुंडरदेही ब्लाक में कुल 36 समितियों में धान बेचने वाले 39 हजार 913 किसानों के खाते में 28 करोड़ 55 लाख 78 हजार रुपए जारी की जाएगी।
134 करोड़ 21 लाख रुपए बंटेगा किसानों को
जिला सहकारी केंद्रीय मर्यादित बैंक के अनुसार जिले के तीन विधानसभा क्षेत्र बालोद, डौंडी लोहारा व गुंडरदेही में कुल 122 समिति अंतर्गत 126 उपार्जन केंद्रों में एक लाख 27 हजार 276 किसानों ने 52 लाख 16 हजार 864 क्विंटल धान बेचा था। ओवरऑल किसानों के लिए चरणवार 2500 रुपए प्रति क्विंटल की दर से कुल 134 करोड़ 21 लाख 61 हजार रुपए जारी की जाएगी। जिसमें 3 अरब 25 करोड़ 28 लाख 59 हजार 128 रुपए अंतर की राशि भी शामिल है। जिसे किस्त अनुसार दिया जा रहा है। खरीदी के दौरान ही केंद्र व राज्य से निर्धारित राशि खाते में ट्रांसफर कर दी गई थी। यह राशि डाली जा रही है, वह राज्य शासन के घोषणा अनुरूप है। इधर कोरोना प्रोटोकॉल में छूट के बाद दिवाली को लेकर लेागाें में उत्साह देखा जा रहा है। बाजार में रोजाना ग्राहकों की भीड़ लग रही है। बोनस मिलने के बाद ग्राहकी और बढ़ने की उम्मीद है।

Facebook Conversations