बालोद। धान खरीदी व्यवस्था को सुगम और पारदर्शी बनाने के लिए बालोद जिले में धान उपार्जन केंद्रों के डेटा एंट्री ऑपरेटरों के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई। कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा के निर्देश पर 21 नवंबर को संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित इस कार्यशाला में किसानों के भूमि पंजीयन से जुड़ी समस्याओं के समाधान की जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण के दौरान किसानों के पंजीकृत रकबे का शून्य प्रदर्शित होना, वास्तविक रकबे से कम रकबा दिखाई देना और खसरे में अन्य फसल दर्ज होने जैसी समस्याओं के निराकरण की प्रक्रिया समझाई गई। इसके साथ ही समिति मॉड्यूल में उपलब्ध भूमि संबंधी जानकारियों का अवलोकन करने और आवश्यक सुधार की प्रक्रिया के बारे में भी बताया गया।
अधिकारियों ने डेटा एंट्री ऑपरेटरों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए निर्देश दिए कि भूमि पंजीयन से संबंधित प्रत्येक प्रकरण का सावधानीपूर्वक परीक्षण किया जाए और नियमानुसार उसका निराकरण किया जाए।
कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य किसानों को भूमि पंजीयन में त्रुटियों के कारण होने वाली परेशानियों से राहत दिलाना और धान खरीदी प्रक्रिया को व्यवस्थित बनाना है।
इस अवसर पर अपर कलेक्टर सुरेन्द्र प्रसाद वैद्य, संयुक्त कलेक्टर मधुहर्ष, जिला खाद्य अधिकारी सुधीर गुरु, जिला विपणन अधिकारी टिकेंद्र राठौर सहित संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।


Facebook Conversations