जयपुर. राजधानी जयपुर में पेशे से ड्राइवर एक व्यक्ति ने अपने ही मालिक की बेटी की हत्या की खौफनाक साजिश रची. इसके लिए उसने गारमेंट्स का व्यवसाय करने वाले एक व्यक्ति को 1 लाख रुपये की सुपारी तक दे डाली. सुपारी लेने और देने वाले साजिशकर्ताओं ने महिला के मर्डर को रोड एक्सीडेंट का रूप देने के लिए रैकी करवाकर उसे एक कार से कुचलने की कोशिश की. लेकिन कार की टक्कर से जख्मी महिला की जान बच गई.
महिला को जिस कार से टक्कर मारी गई वह बदमाशों ने किराए पर ली थी. लेकिन साजिश की शिकार महिला के संदेह और सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर पुलिस ने इस साजिश का सनसनीखेज खुलासा कर दिया. पुलिस ने सुपारी लेने और देने वाले आरोपियों सहित 3 जनों को धरदबोचा है. उनसे पूछताछ की जा रही है. दिल को दहला देने वाला यह मामला बीते 31 मार्च का सुबह 11 बजे जयपुर के मानसरोवर इलाके में कावेरी पथ पर हुआ था.

दिनदहाड़े कार से रौंदने का किया प्रयास
उस समय पीड़ित महिला अनुसूइया घर से बाहर आई. तभी तेज रफ्तार में उसकी तरफ एक कार दौड़ी. इस कार ने अनुसुइया को जोरदार टक्कर मारी. कार में सवार बदमाश उसे मरा समझकर वहां से भाग निकले. लेकिन अनुसुइया की जान बच गई. उसने हत्या के प्रयास की रिपोर्ट मानसरोवर थाने में दर्ज कराई. उसमें उसने अपने पिता के पास ड्राइवर रह चुके मन्नालाल चौधरी पर संदेह जताया.
गारमेंट्स का व्यवसाय करता है गैंग का सरगना
मानसरोवर थानाप्रभारी राजेंद्र गोदारा ने बताया कि पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले तो घटनास्थल पर एक कार और बाइक संदिग्ध लगी. कार में दो बदमाश पीड़िता महिला की रैकी करते नजर आए. उन्हें दबोचने पर महेश जांगिड़ उर्फ बॉक्सर नाम के गैंग सरगना का नाम सामने आया. वह गारमेंट्स का व्यवसाय करता है. वह जिम और बॉक्सिंग भी करता है. महेश ने पूछताछ में बताया कि महिला की हत्या के लिए उसे 1 लाख रुपये की सुपारी दी गई थी. यह सुपारी मन्नालाल चौधरी नाम के व्यक्ति ने दी थी. इनमें रकम का बड़ा हिस्सा ऑनलाइन ट्रांजेक्शन जानलेवा हमले से पहले किया गया था.
मन्नालाल का जमीन को लेकर भी महिला से विवाद चल रहा था
पुलिस गिरफ्त में आए मन्नालाल ने खुलासा किया कि वह महिला के पिता के पास ड्राइवर था. उसने महिला के पिता की संपत्ति हड़पने की साजिश रची. मौका पाकर घर में रखे जेवरात भी चुराकर खुर्दबुर्द कर दिए. तब महिला की तरफ से मन्नालाल के खिलाफ केस दर्ज करवाया गया. इसके बाद भी जमीन को लेकर महिला से मन्नालाल का विवाद चल रहा था. इसी रंजिश में मन्नालाल चौधरी ने महिला की हत्या की साजिश रची. उसका महेश जांगिड़ उर्फ बॉक्सर के पास आना जाना था. जिम जाने से महेश के पास अक्सर लड़के भी रहते थे.

Facebook Conversations