डोंगरगढ़ में शेयर मार्केट में 37 लाख की ठगी, कांग्रेस समिति ने पीड़ित परिवार से की मुलाकात
त्वरित ख़बरें : ज़ाफ़रान खान रिपोर्टिंग

डोंगरगढ़ (अमृत संदेश): डोंगरगढ़ निवासी आशुतोष उपाध्याय (पिता विष्णु उपाध्याय, भाई शशांक उपाध्याय) के साथ शेयर मार्केट ट्रेडिंग के नाम पर लगभग 37 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, आशुतोष ने अधिक मुनाफे के लालच में निवेश किया था, जिसमें उनकी पूरी राशि डूब गई।

घटना के 3–4 दिन बाद आशुतोष ने यह बात अपने परिवार को बताई। परिवार ने स्थिति को शांतिपूर्वक संभालते हुए उन्हें मानसिक रूप से सहयोग दिया, ताकि वे कोई गलत कदम न उठाएं। परिजनों के अनुसार, आशुतोष एक आईटी कंपनी में कार्यरत हैं और उन्होंने अपने स्वयं के कमाए हुए पैसे निवेश किए थे, न कि परिवार की राशि।

मामले में आशुतोष के भाई शशांक उपाध्याय, जो एक मीडिया रिपोर्टर हैं, ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, लेकिन लंबे समय तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। बताया जा रहा है कि पिछले 9 महीनों से शिकायत लंबित है, जिससे परिवार निराश हो चुका था।

जैसे ही इस मामले की जानकारी पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष रघुवर प्रसाद अग्रवाल को मिली, उन्होंने डोंगरगढ़ शहर कांग्रेस समिति के पदाधिकारियों के साथ पीड़ित परिवार से मुलाकात की और उन्हें ढांढस बंधाया। इस दौरान जिला कांग्रेस कमेटी राजनांदगांव ग्रामीण के उपाध्यक्ष धीरज मेश्राम, जितेंद्र सिंह भाटिया (बब्बू), महामंत्री शिशुपाल भारती, सचिव मतीन खान, शहर कांग्रेस अध्यक्ष हरीश भंडारी और मीडिया प्रभारी वेदांश ताम्रकार सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

कांग्रेस नेताओं ने आश्वासन दिया कि वे इस मामले में पीड़ित परिवार के साथ खड़े हैं। साथ ही चेतावनी दी कि यदि जल्द ही उचित कार्रवाई नहीं होती है, तो ज्ञापन सौंपने के साथ-साथ धरना-प्रदर्शन और थाना घेराव जैसे कदम उठाए जाएंगे।

YOUR REACTION?

Facebook Conversations