चुनाव : गांवों में प्रलोभन देकर वोट कराने की शिकायत
त्वरित खबरे

राजनांदगांव 16 मई 2022

यूथ कांग्रेस का चुनाव अब प्रलोभन तक पहुंच गया है। कुछ प्रत्याशी ग्रामीण इलाकों में साइकिल- सिलाई मशीन मिलने तक का झांसा दे रहे हैं। ऐसा प्रलोभन देकर वे अपने पक्ष में वोट करा रहे हैं। इसकी शिकायत भी कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं तक पहुंच रही है।


इस चुनाव में खास बात यह है कि इस तरह के प्रलोभन कुछ वरिष्ठ नेताओं के इशारे में भी दिया जा रहा है। शहर में यूथ कांग्रेस के लिए 31 प्रत्याशी मैदान में हैं। वहीं ग्रामीण अध्यक्ष के लिए 7 ने नामांकन दाखिल किया गया। वोट संख्या के आधार पर अध्यक्ष, महासचिव व दूसरे पद पर नियुक्ति होनी है।

जानकारी के मुताबिक शहर में ही चार अलग-अलग पैनल बना है। इस पैनल को कुछ वरिष्ठ नेताओं ने बनाया है, जो अपने करीबियों को यूथ कांग्रेस के पदों तक पहुंचाना चाह रहे हैं। ये वरिष्ठ नेता शहर से लेकर गांव तक वोटर्स को समझाने और रिझाने में लगे हुए हैं। कुछ वोटर्स ने बताया कि उन्हें वोट करने के बाद आने वाले दिनों में साइकिल-सिलाई मशीन सहित दूसरे सामान मिलने की जानकारी दी। यही जानकारी देकर उनसे वोटर आईडी मांगे गए और वोट भी करा कर एक मिनट का लाइव वीडियो बनाया गया। चुनाव को लेकर राजनीति गरमा गई है।

मेंबरशिप वोटिंग 12 जून तक, बना रहे वीडियो
यूथ कांग्रेस के लिए वोटिंग का समय एक महीना तय किया गया है। 12 मई से मेंबरशिप और वोटिंग शुरू हो गई है, जो 12 जून तक जारी रहेगा। मेंबरशिप के साथ ही युवा वोट भी कर सकेंगे। इसके लिए एक एप का इस्तेमाल किया जा रहा है। इसमें एक मिनट का लाइव वीडियो भी बनाया जा रहा है। जिसमें वोटर्स अपनी जानकारी दे रहे हैं। युवा से लेकर वरिष्ठ नेता अपने प्रत्याशी को जिताने के लिए जोर लगा रहे हैं। यह पूरे महीनेभर जारी रहने वाला है। चुनाव को लेकर उत्साह देखा जा रहा है।

वरिष्ठ नेताओं के घर में बैठकों को दाैर भी जारी
चुनाव के लिए शहर सहित ग्रामीण इलाकों के वरिष्ठ नेताओं के घर में बैठक भी चल रही है। गांव-गांव से युवाओं को एकजुट कर इन नेताओं के घर लाया जा रहा है। जहां समझाइश और प्रत्याशियों की जानकारी देने के बाद मौके पर ही उनसे वोटिंग कराई जा रही है। शहर के कुछ बड़े नेताओं के घर में भी रोजाना देर शाम तक इस तरह बैठक चल रही है। यूथ कांग्रेस चुनाव का सबसे अधिक माहौल ग्रामीण इलाकों में बना हुआ है। तय उम्र तक की महिलाओं को भी वोट करने मनाया जा रहा है।

वोटर आईडी जुटाने बनी टीम, गांव-गांव दस्तक
यूथ कांग्रेस चुनाव में वोट के लिए सबसे अहम वोटर आईडी कार्ड है। इसके बिना कोई भी वोट नहीं कर पा रहा है। इसके चलते प्रत्याशी और उनकी टीम के सदस्य गांव-गांव पहुंचकर अधिक से अधिक संख्या में वोटर आईडी जुटा रहे हैं।

टीम के सदस्य ऐसी आईडी एकत्रित कर रहे हैं, इसके एवज में रुपए भी खर्च हो रहे हैं। एक प्रत्याशी ने बताया कि कुछ प्रत्याशी 50 वोटर आईडी एकत्रित करने वाले ग्रामीणों को 2500 से 3000 रुपए तक भी दे रहे हैं। आईडी के सहारे ही वोट कन्फर्म कर रहे हैं।

YOUR REACTION?

Facebook Conversations