चित्रकोट जलप्रपात  : प्रदेश में पहली मून लाइट कैंपिंग चित्रकोट में
त्वरित खबरे

18 मई 2022

बुद्ध पूर्णिमा पर साेमवार रात चित्रकोट जलप्रपात में पहली बार मून लाइट कैंपिंग की गई। रात को फुल मून यानी पूरा चांद ठीक चित्रकोट जलप्रपात के ऊपर ही मौजूद था। प्रदेश की पहली फुल मून के साथ चित्रकोट जलप्रपात का नजारा कैमरे में कैद हुआ।


  • पहली बार फुल मून को देखने कोलकाता, गुजरात, अमृतसर के पर्यटक पहुंचे।
  • 16 मई से हुई शुरुआत, अब 1 जून को स्टार गेजिंग कैंपिंग
  • 53 पर्यटक ठहरे, रात में नाव से जल प्रपात के नीचे तक ले गए
  • पहली बार जिला प्रशासन, पर्यटन मंडल अनएक्सप्लोर्ड बस्तर की पहल से एडवेंचर-इंटरटेंमेंट एक्टिविटी

999 रूपये प्रति व्यक्ति में सुविधा

पर्यटकों को 999 रुपए प्रति व्यक्ति देने होते हैं। इसमें शाम का नाश्ता, आदिवासी नृत्य, बोटिंग, कैंपिंग, रात का खाना और डीजे के साथ सुबह के नाश्ते की व्यवस्था होती है।

जलप्रपात का रोमांच... आदिवासी नृत्य के साथ संगीत में झूमे पर्यटक
शाम 6 बजे के बाद पर्यटन मंडल के रिसोर्ट परिसर में बने ओपन थियेटर में आयोजन शुरू हुआ। एक-दूसरे से परिचय के बाद पर्यटकों की अलग-अलग टीम बनाई गई और कई प्रतियोगिता की गई। जब 7 बजे के बाद आदिवासी नृत्य शुरू हुआ तो संगीत की धुन पर पर्यटक खुद को रोक नहीं पा रहे थे।

वे भी इस दल में शामिल होकर ताल से ताल मिलाने लगे। रात 8 बजे सभी को पीले रंग का टीशर्ट दिया गया जिस पर छत्तीसगढ़ पर्यटन का प्रचार था। यहां से सभी पैदल सीढ़ियों से इंद्रावती नदी के पास जाने लगे। अंधेरा था। जीव-जंतुओं का डर था लेकिन आयोजन में शामिल पर्यटन मंडल, अनएक्सप्लोर बस्तर और ग्रामीण युवाओं की टीम पर्यटकों काे रोशनी दिखाते हुए हौसला बढ़ा रही थी।

पर्यटकाें ने लाइफ जैकेट पहना और 12-12 की संख्या में नाव में सवार हो गए। सभी को जलप्रपात के ठीक नीचे तक लेकर गए। इस वक्त ठीक ऊपर चंद्रमा सबाब पर था। ऊपर पहुंचते ही संगीत और छोटे-छोटे टेंट सभी का स्वागत कर रहे थे। फिर रात 2.00 बजे तक संगीत का दौर चलता रहा।

थककर सभी अपने-अपने टेंट में सो गए। सुबह 6 बजे फिर पैदल ऊपर नदी पार करते हुए सभी पर्यटक पर्यटन मंडल के रेस्टोरेंट तक पहुंचे। यहां नाश्ता करवाकर सभी को विदा किया गया। पर्यटन मंडल के वरिष्ठ प्रबंधक एवं चित्रकोट जलप्रपात के प्रभारी कृष्ण कुमार केवट ने बताया कि जल्द ही स्टार गैजिंग भी शुरू करने जा रहे हैं, जिसकी तैयारी कर ली गई है।

चित्रकोट को राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने की कोशिश में जुटे हैं। हम लगातार नई एक्टिविटी को इंट्रोड्यूस कर रहे हैं। मून कैंपिंग भी उसका ही एक हिस्सा है। आगे स्टार गैजिंग भी प्लानिंग में है।

-रजत बंसल, कलेक्टर, जगदलपुर

YOUR REACTION?

Facebook Conversations