दुर्ग, सुशासन तिहार-2026 के अंतर्गत ग्राम चीचा में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर स्वास्थ्य सेवाओं की दृष्टि से अत्यंत सफल और जनहितकारी साबित हुआ। शिविर में जिले की नोडल अधिकारी डॉ. दिव्या वास्तव के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने ग्रामीणों को विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की जानकारी देने के साथ-साथ मौके पर ही आवश्यक जांच एवं प्रमाण पत्र उपलब्ध कराए। इस अवसर पर सहायक मीडिया प्रभारी देवानंद बंजारे सहित दुर्ग जिले की मेडिकल टीम के सभी सदस्य उपस्थित रहे। विकासखण्ड धमधा से बी.एम.ओ. डॉ. रचना अग्रवाल, डॉ. महेंद्र शर्मा, बी.ई.टी.ओ. जी.एस. उद्दे तथा बी.पी.एम. रिचा मेश्राम ने ग्रामीणों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करते हुए राष्ट्रीय स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। शिविर में विशेष रूप से सिकल सेल एनीमिया जांच, एन.सी.डी. जांच, आभा आई.डी. निर्माण, आयुष्मान कार्ड पंजीयन तथा एच.पी.वी. वैक्सीन के महत्व पर जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि समय पर जांच और उपचार से गंभीर बीमारियों से बचाव संभव है तथा शासन की योजनाओं का लाभ लेकर ग्रामीण बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्राप्त कर सकते हैं। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर स्वास्थ्य परीक्षण कराया और योजनाओं की जानकारी ली। मेडिकल टीम द्वारा लोगों को डिजिटल स्वास्थ्य पहचान के रूप में आभा आई.डी. बनवाने के लिए प्रेरित किया गया, जिससे भविष्य में स्वास्थ्य संबंधी जानकारी ऑनलाइन सुरक्षित रखी जा सके। वहीं आयुष्मान कार्ड के माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को बेहतर उपचार सुविधा उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया। शिविर के दौरान 55 आभा आई.डी. बनाए गए, 05 हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड तैयार किए गए तथा 42 लोगों की एन.सी.डी. जांच की गई। इसके अलावा 15 ग्रामीणों की सिकलिंग जांच की गई और दिव्यांग शिविर में 02 हितग्राहियों को विकलांग प्रमाण पत्र प्रदान कर लाभान्वित किया गया। ग्रामीणों ने शिविर में मिल रही सुविधाओं और स्वास्थ्य विभाग की सक्रियता की सराहना करते हुए कहा कि गांव स्तर पर इस प्रकार के शिविर आयोजित होने से उन्हें स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ आसानी से मिल रहा है। शिविर में उपस्थित अधिकारियों ने कहा कि शासन का उद्देश्य अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना है और सुशासन तिहार के माध्यम से यही प्रयास लगातार किया जा रहा है। पूरे आयोजन में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने समर्पण भाव से कार्य करते हुए ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

Facebook Conversations