छत्तीसगढ़-महाराष्ट्र सीमा पर नक्सलियों ने कायराना हरकत की है। यहां नक्सलियों ने ड्यूटी में तैनात जवानों पर फायरिंग कर दी। जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई है। दोनों चेक पॉइंट पर ड्यूटी कर रहे थे। तभी नक्सलियों ने हमला कर दिया। घटना के बाद नक्सली भाग निकले हैं। इसके अलावा नक्सलियों ने जवानों की बाइक को भी जला दिया है। मामला बोरतलाब थाना क्षेत्र का है।
यह घटना सुबह 8 बजे के आस-पास की बताई जा रही है। बताया गया है कि जवान मोबाइल चेक पोस्ट पर तैनात थे। इसी बीच नक्सली अचानक से जंगल की तरफ से आए। इसके बाद उन्होंने गोलियां चलानी शुरू कर दी। इस दौरान जवानों को जवाब देने का भी मौका नहीं मिला। हमले में हवलदार राजेश और आरक्षक ललित की मौत हो गई है। ललित सम्रत CAF में पदस्थ थे, जो दंतेवाड़ा जिले के रहने वाले थे। वहीं राजेश जिला बल में पदस्थ थे।
दरअसल, बोरतलाब में पहले भी नक्सलियों की मौजूदगी की खबर सामने आ चुकी है। यहां पहले भी नक्सली इस तरह की हरकत कर चुके हैं। इसी वजह से जवान छत्तीसगढ़-महाराष्ट्र सीमा पर बोरतलाब इलाके में ड्यूटी कर रहे थे। यह इलाका छत्तीसगढ़ को महाराष्ट्र के गोंदिया इलाके से जोड़ता है। फिलहाल घटना के संबंध में अब तक अधिक जानकारी सामने नहीं आ सकी है। घटना की पुष्टि डीएसपी नक्सल ऑपरेशन अजीत ओगरे ने की है।
हादसे के बाद आस-पास के लोगों ने ही पुलिस की सीनियर अधिकारियों को इस बात की सूचना दी थी। सूचना मिलने पर दूसरे जवान भी मौके पर पहुंचे हुए हैं। आस-पास के इलाकों में भी सर्च ऑपरेशन जारी है।
घटना पर सीएम बघेल ने जताया दुख
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने नक्सली हिंसा में दो जवानों की शहादत पर दुख प्रकट जताया है। बघेल ने शहीदों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए कहा है कि पुलिस जवानों की शहादत बेकार नहीं जाएगी। वहीं घटना को लेकर पूर्व मंत्री राजेश मूणत ने भी दुख जताया है। उन्होंने कहा कि 2 जवानों का शहीद खोना काफी दुखद है। शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं।
इससे पहले शनिवार रात को बस्तर में एक और जवान ने आत्महत्या कर ली थी। दंतेवाड़ा जिले में CRPF जवान ने खुद को गोली मारी थी। उसने ड्यूटी के दौरान जान दी है। बताया गया है कि एक दिन पहले ही वह छुट्टी से लौटा था। अब अचानक से उसने खुदकुशी कर ली है। पुलिस इस मामले में जांच कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, असम का रहने वाला गुनीन दास बारसूर में CRPF 195 बटालियन में पदस्थ था। शनिवार रात को वह मोर्चा ड्यूटी पर तैनात था। उसके साथी भी ड्यूटी में तैनात थे। इसी दौरान उसने अपनी खुद की सर्विस राइफल से खुद को गोली मार ली थी।
वहीं बीजापुर जिले में एक जवान की हत्या कर दी गई है। उस पर कुल्हाड़ी से अज्ञात लोगों ने कई वार किए हैं। जिसके चलते उसकी जान गई है। लोगों को खून से लथपथ उसकी लाश मिली। जिसके बाद यह मामला सामने आया है। बताया गया है कि वह भाई की शादी में शामिल होने आए थे। इसी दौरान किसी ने इस वारदात को अंजाम दिया है। मामला भैरमगढ थाना क्षेत्र का है।
छत्तीसगढ़-ओडिशा सीमा पर मुठभेड़, 3 जवान शहीद हुए थे
8 महीने पहले छत्तीसगढ़-ओडिशा की सीमा पर सुरक्षाबलों की नक्सलियों से मुठभेड़ हुई थी। मुठभेड़ में CRPF के 3 जवान शहीद हो गए। दरअसल CRPF की रोड ओपनिंग पार्टी (ROP) ड्यूटी पर निकली थी। उसी दौरान हमला हो गया। जवानों ने भी नक्सलियों को मुंहतोड़ जवाब दिया। जानकारी मिली है कि नक्सलियों को पहले से इस बात की सूचना थी कि जवान यहां पर आने वाले हैं। इसलिए उन्होंने एंबुश (घात) लगाकर जवानों को फंसाया, फिर फायरिंग शुरू कर दी थी।

Facebook Conversations