बिलासपुर में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन कार्यक्रम देखने निकले युवक की पत्नी व साली को देखकर युवकों ने इशारा करते हुए कमेंट कर दिया, उन्हें मना करने पर उन्होंने ने बेरहमी से मारपीट कर दी है। इस बीच युवक के साले और उसके दोस्त बीच बचाव करने आए तब हमलावरों ने उन पर भी चाकू से हमला कर दिया। इसमें चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। उन्हें इलाज के लिए सिम्स में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने दो हमलावरों को भी गिरफ्तार कर लिया है। मामला तखतपुर थाना क्षेत्र का है।
सरकंडा के चांटीडीह मेलापारा निवासी लेखराम पिता अरूण देवांगन का तखतपुर के देवांगन मोहल्ले में ससुराल है। रविवार को वह परिवार सहित अपने ससुराल गया था। इस दौरान रात करीब 11 बजे वह अपनी पत्नी आरती देवांगन, बच्चे व साली रानी देवांगन को लेकर दुर्गा विसर्जन व जगराता कार्यक्रम देखने निकला था। रात करीब 1.30 बजे सभी पुराना बस स्टैण्ड के पास होते हुए घर लौट रहे थे। तभी श्रीराम ज्वेलर्स के पास अविनाश डहरिया उन्हें देखकर इशारा करते हुए कमेंट करने लगा।
इस पर लेखराम ने उन्हें मना किया। तब अविनाश उसके साथी बबलू नवरंग, गोलू धुरी सहित अन्य ने मिलकर गाली-गलौज शुरू कर दी। फिर जान से मारने की धमकी देकर पिटाई करने लगे। इतने में पीछे से लेखराम का साला दीप देवांगन और उसके दोस्त गजानंद देवांगन , राजा देवांगन आ रहे थे। उन्होंने विवाद होते देखकर बीच बचाव किया। तब अविनाश डहरिया ने चाकू और डंडे से गजानंद देवांगन के पेट पर हमला कर दिया।
इस बीच हमलावर युवकों ने दीप व राजा के साथ भी बुरी तरह मारपीट की। इस हमले में गजानंद के साथ ही दीप, राजा देवांगन व लेखराम को गंभीर चोटें आई हैं। उन्हें इलाज के लिए सिम्स में भर्ती कराया गया है। वहीं इस मामले की शिकायत भी पुलिस से की गई थी। जिसके बाद पुलिस ने विनाश व गोलू धुरी को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य आरोपियों की पुलिस तलाश कर रही है।

Facebook Conversations