ब्रह्माकुमारी रक्तदान महाअभियान में उमड़ा उत्साह, भिलाई में हुआ 192 यूनिट रक्तदान
त्वरित खबरें :अरुण रिपोर्टिंग

भिलाई, । प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय के समाज सेवा प्रभाग द्वारा संस्था की पूर्व मुख्य प्रशासिका राजयोगिनी दादी प्रकाशमणि के 19वें पुण्य स्मृति दिवस एवं विश्व बंधुत्व दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित पांच दिवसीय विशाल रक्तदान महाअभियान के तहत भिलाई के सेक्टर-7 स्थित पीस ऑडिटोरियम एवं राजयोग भवन में उत्साहपूर्वक रक्तदान किया गया। इस दौरान कुल 192 यूनिट रक्तदान हुआ।

अभियान का संदेश “मानवता का करें कल्याण, आओ मिलकर करें रक्तदान” रहा। रक्तदान से पहले प्रतिभागियों ने लगभग पांच मिनट परमात्मा की याद में मेडिटेशन कर आध्यात्मिक चिंतन किया। इसके बाद रक्तदान कर मानव सेवा में सहभागिता निभाई।

आध्यात्मिक चिंतन के साथ रक्तदान बना विशेष आकर्षण

छत्तीसगढ़ स्वामी विवेकानंद टेक्निकल यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर डॉ. अरुण अरोरा ने रक्तदान महाअभियान की सराहना करते हुए कहा कि यहां रक्तदान की एक सुंदर और अनूठी विधि देखने को मिली। रक्तदान से पहले लोग आध्यात्मिक चिंतन और मेडिटेशन के माध्यम से अपनी आत्मिक ऊर्जा को बढ़ाते हैं और इसके बाद रक्तदान करते हैं। उन्होंने इस अनुभव को अद्भुत बताते हुए कहा कि सकारात्मक भावना और ऊर्जा के साथ किया गया यह सेवा कार्य जरूरतमंदों के लिए लाभकारी होगा।

कृष्णा पब्लिक स्कूल के चेयरमैन आनंद त्रिपाठी ने कहा कि ब्रह्माकुमारी संस्था के परिसर में आकर आत्मिक शांति की अनुभूति होती है। उन्होंने कहा कि इस सेवा कार्य में रक्त लेने वाला, रक्त देने वाला और रक्त प्राप्त करने वाला व्यक्ति, सभी मानवता के इस कार्य से जुड़कर सुख और संतोष की अनुभूति करते हैं।

दीप प्रज्वलन से हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ

कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ उपस्थित अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके बाद रक्तदाताओं ने उत्साहपूर्वक रक्तदान किया। अतिथियों ने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया और मानव सेवा के इस पुनीत कार्य में सहभागी बनने पर उन्हें प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।

कार्यक्रम में पं. जवाहरलाल नेहरू अनुसंधान एवं चिकित्सालय, सेक्टर-9 के डायरेक्ट सीएमओ इंचार्ज डॉ. उदय, डॉ. दीपक दास महापात्रा, ब्लड बैंक इंचार्ज राजीव शर्मा, जिला ब्लड सेंटर दुर्ग के मुख्य चिकित्सक एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनोज दानी, सिविल सर्जन डॉ. आशीष कुमार मिंज, डॉ. एस.आर. चुरेंद्र, नोडल ब्लड बैंक ऑफिसर दुर्ग टी.एस. एंथोनी, काउंसलर शोभराज अग्रवाल, एडिशनल एसपी सिटी सत्य प्रकाश तिवारी, सीएसपी, अपेक्स बैंक के मैनेजिंग डायरेक्टर कमल नारायण, समाजसेवी इंद्रजीत सिंह, मनीष पाण्डेय तथा सांसद विजय बघेल सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

सेल्फी जोन और ईश्वरीय सौगात ने बढ़ाया उत्साह

रक्तदाताओं के लिए सेल्फी जोन की भी व्यवस्था की गई, जहां उन्होंने अपनी तस्वीरें खिंचवाईं। रक्तदान के बाद सेवाकेंद्र की ओर से उन्हें परमात्मा का पत्र, ईश्वरीय सौगात एवं प्रसाद स्वरूप फलाहार प्रदान किया गया।

भिलाई सेवाकेंद्रों की निदेशिका राजयोगिनी ब्रह्माकुमारी आशा ने इस सेवा कार्य में सहभागी सभी अतिथियों, रक्तदाताओं एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ राजयोग शिक्षिका ब्रह्माकुमारी प्राची ने किया।

YOUR REACTION?

Facebook Conversations