नई दिल्ली: एक कमरे में अपनी जिंदगी को समेट चुका युवक साउथ एशियन देशों की लड़कियों से ब्लैकमेलिंग का गेम खेल रहा था। वह अवसाद, तनाव और गरीबी से जूझने वालों के लिए बने ऐप ‘टॉक लाइफ’ के जरिए पीड़ित लड़कियों से जुड़ता था। हर महीने 200-300 डॉलर की मदद का झांसा देता। बदले में न्यूड फोटो और विडियो मंगवाता। बाद में पीड़ित लड़कियां डॉलर की मांग करती तो वह फोटो-विडियो इंस्टाग्राम पर अपलोड करने की धमकी देता। नए-नए विडियो और फोटो मंगवाता रहता। इंडोनेशिया की एक लड़की की शिकायत पर जीटीबी एनक्लेव थाना पुलिस आरोपी जतिन भारद्वाज (21) को दिलशाद गार्डन से पकड़ लिया।
इंडोनेशिया की लड़की ने की शिकायत
डीसीपी (शाहदरा) आर. सत्यसुंदरम ने बताया कि इंडोनेशिया की एक पीड़ित लड़की की शिकायत पर जीटीबी एनक्लेव थाने में आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। पीड़िता ने शिकायत में बताया कि वह टॉक लाइफ ऐप के जरिए एक शख्स से मिली, जो चिंता, तनाव और अवसाद से पीड़ित है। कुछ समय बाद इससे वॉट्सऐप चैटिंग होने लगी। युवक ने दावा किया कि वह दिल्ली का रहने वाला है। पीड़िता ने दावा किया कि युवक ने शुरुआत में अपनी न्यूड फोटो और विडियो भेजने पर रकम देने का ऑफर दिया। उसकी वित्तीय हालत ठीक नहीं थी और फैमिली की मदद करना चाहती थी। इसलिए वह राजी हो गई।
फोटो और विडियो के बाद भी नहीं भेजता था पैसा
फोटो और विडियो भेजने के बाद युवक ने रकम ट्रांसफर नहीं की। उलटा और फोटो-विडियो नहीं भेजने पर पुरानी वाली को इंस्टाग्राम पर उनके सभी फॉलोअर्स से शेयर करने की धमकी देने लगा। इस मामले की जांच के लिए जीटीबी एनक्लेव के इंस्पेक्टर देवेंद्र की देखरेख में एसआई राहुल, रोहताश, एचसी दीपक और महिला सिपाही दीपशिखा की टीम बनाई गई। आरोपी के मोबाइल नंबर को खंगाला गया तो वो स्विच्ड ऑफ मिला। कॉल डिटेल रिकॉर्ड और मोबाइल के मालिक का पता लगाकर पुलिस टीम आरोपी जतिन भारद्वाज तक पहुंच गई।
महीने में एक से दो बार निकलता था बाहर
पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी जतिन ने खुद को बाहरी दुनिया से बिल्कुल अलग किया हुआ था। मोबाइल को ही उसने अपनी दुनिया बना रखा था। वह महीने में मुश्किल से एक या दो बार अपने कमरे से बाहर निकलता था। आरोपी के पिता ने पुलिस को बताया कि जतिन उससे छह साल से बात नहीं करता था। मां सिर्फ कमरे में खाना देने जाती थी। जतिन सिर्फ अपने बर्थ डे पर ही साल में एक बार नहाता था।
10वीं तक पढ़ा है आरोपी, 15 से ज्यादा लड़कियों से चैटिंग
पूछताछ में जतिन ने बताया कि वह साउथ एशियन देशों के लोगों की आर्थिक हालात से परिचित है। टॉक लाइफ ऐप से जुड़ी लड़कियां मानसिक अवसाद और तनाव से पीड़ित थीं। इसलिए वह इस ऐप के जरिए वहां की लड़कियों को टारगेट बनाता था। इसके बाद वॉट्सऐप के जरिए चैटिंग करता था। वह 15 से ज्यादा लड़कियों से चैटिंग करता था, जिनमें से तीन लड़कियों के न्यूड फोटो और विडियो हासिल करने में सफल रहा। आरोपी 10वीं तक पढ़ा है। इससे वह मोबाइल बरामद कर लिया है, जिसमें पीड़ित लड़कियों के फोटो और विडियो हैं।

Facebook Conversations