भोलेनाथ की भक्ति में डूबा छत्तीसगढ़, पहले सावन सोमवार पर मंदिरों में उमड़े लाखों श्रद्धालु...
त्वरित ख़बरें :- अमित यादव रिपोर्टिंग

रायपुर/कवर्धा/गरियाबंद। भगवान शिव की आराधना और भक्ति का पवित्र माह सावन शुरू होते ही पूरे छत्तीसगढ़ में श्रद्धा का अद्भुत नजारा देखने को मिला। सावन के पहले सोमवार पर सुबह से ही प्रदेश के प्रमुख शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। 'हर-हर महादेव' और 'बम-बम भोले' के जयघोष से मंदिर परिसर गूंज उठे। भक्त जल, दूध, बेलपत्र और धतूरा अर्पित कर भगवान शिव से परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना कर रहे हैं।

सुबह 3:30 बजे खुले बूढ़ेश्वर महादेव मंदिर के पट

राजधानी रायपुर के बूढ़ा तालाब स्थित बूढ़ेश्वर महादेव मंदिर में तड़के सुबह 3:30 बजे मंदिर के पट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। इसके बाद दर्शन और जलाभिषेक का सिलसिला शुरू हो गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे और पूरा मंदिर परिसर 'हर-हर महादेव' के जयघोष से गूंज उठा। मंदिर प्रशासन के अनुसार दिनभर श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ने की संभावना है।

भुतेश्वरनाथ महादेव में उमड़ी भक्तों की भीड़

गरियाबंद जिले के प्रसिद्ध भुतेश्वरनाथ महादेव मंदिर में भी सावन के पहले सोमवार पर श्रद्धालुओं का जनसैलाब देखने को मिला। दूर-दूर से पहुंचे कांवड़िए भगवान शिव का जलाभिषेक कर रहे हैं। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए भंडारे की व्यवस्था भी की गई है। पूरा क्षेत्र शिवमय वातावरण में रंगा नजर आया।

राजिम के कुलेश्वर महादेव मंदिर में भी उमड़ा आस्था का सैलाब

राजिम स्थित त्रिवेणी संगम के किनारे बने कुलेश्वर महादेव मंदिर में भी सुबह से ही दर्शन के लिए लंबी कतारें लगी रहीं। बच्चे, महिलाएं, बुजुर्ग और युवा बड़ी संख्या में भगवान शिव के दर्शन कर आशीर्वाद लेने पहुंचे। श्रद्धालुओं ने प्रदेश की सुख-समृद्धि और शांति की कामना करते हुए विशेष पूजा-अर्चना की।

भोरमदेव मंदिर तक निकलेगी ऐतिहासिक पदयात्रा

कवर्धा में हर वर्ष की तरह इस बार भी सावन के प्रथम सोमवार पर पंचमुखी बूढ़ा महादेव मंदिर से भोरमदेव मंदिर तक ऐतिहासिक पदयात्रा निकाली जा रही है। इस आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं। सुरक्षा, यातायात और श्रद्धालुओं की सुविधाओं के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं।

उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा करेंगे जलाभिषेक

इस पदयात्रा में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा भी शामिल होंगे। वे पंचमुखी बूढ़ा महादेव मंदिर से जल लेकर करीब 18 किलोमीटर की पदयात्रा करेंगे। इसके बाद भोरमदेव मंदिर पहुंचकर भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करेंगे और प्रदेश की सुख-समृद्धि, खुशहाली एवं जनकल्याण की कामना करेंगे।

प्रदेशभर में शिवभक्ति का उत्साह

सावन के पहले सोमवार पर रायपुर, कवर्धा, गरियाबंद सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों के शिवालयों में श्रद्धालुओं का उत्साह चरम पर रहा। मंदिरों में पूजा-अर्चना, जलाभिषेक, भजन-कीर्तन और धार्मिक आयोजनों का सिलसिला पूरे दिन जारी रहने की संभावना है। भगवान शिव की भक्ति में डूबे श्रद्धालुओं के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।

YOUR REACTION?

Facebook Conversations