भिलाई नगर विधायक देवेन्द्र यादव ने एक वेब पोर्टल के खिलाफ गलत खबर प्रकाशित करने को लेकर भिलाई नगर थाना सेक्टर 6 में शिकायत दर्ज कराई है। विधायक की शिकायत पर भिलाई नगर पुलिस ने वेब पोर्टल www.Zeroparty.in के खिलाफ जांच शुरू कर दी है। विधायक देवेंद्र यादव ने इस मामले की शिकायत भिलाई नगर के साथ-साथ रायपुर लिविल लाइन थाने में भी की थी। एएसपी सिटी संजय ध्रुव का कहना है कि रायपुर में पहले मामला दर्ज होने के चलते शिकायत को रायपुर ट्रांसफर कर दिया गया है।
जानकारी के मुताबिक वेब पोर्टल www.Zeroparty.in ने “भूपेश समर्थक विधायकों का उन्हीं के विश्वस्तों ने किया 1 स्टिंग ऑपरेशन! आपत्तिजनक वीडियो शूट की खबर लीक के बाद कई विधायकों ने सीएम से बनाई दूरी” शीर्षक से खबर प्रकाशित किया था। विधायक देवेंद्र यादव ने इस खबर को लेकर आपत्ति उठाई। उन्होंने इसकी लिखित शिकायत थाने में देकर कहा कि यह समाचार प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की छवि को खराब करने की नीयत से डिजिटल मीडिया पर प्रकाशित किया गया है। देवेंद्र यादव ने पुलिस को बताया कि यह समाचार न केवल तथ्यहीन है, बल्कि मुख्यमंत्री के साथ कांग्रेसी विधायकों को बदनाम करने की नीयत से बनाया गया है। विधायक ने पोर्टल के प्रोपराइटर और संपादक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
छवि खराब करने का किया गया है प्रयास
संबंधित वेब पोर्टल द्वारा सरकार की छवि खराब करने का गलत तरीके से प्रयास किया गया है। इसके खिलाफ रायपुर में सामूहिक रूप से शिकायत दर्ज कराई गई है। साथ ही मेरे द्वारा भिलाई नगर थाने में भी शिकायत दी गई है।
-देवेंद्र यादव, विधायक, भिलाई

Facebook Conversations