- पहले सप्ताह में एक दिन सिर्फ शनिवार को होती थी सोनोग्राफी
- स्वास्थ्य विभाग के निर्देश के बाद की गई शुरुआत
लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल सुपेला में अब गर्भवतियों की सप्ताह में तीन दिन मुफ्त सोनोग्राफी होगी। बुधवार और शनिवार डॉ. मनीष भंडारी और गुरुवार को डॉ. गुलशन दिलवार सोनोग्राफी करेंगे। पहले यहां सोनोग्राफी डॉ. गुलशन सप्ताह में केवल एक दिन शनिवार को करते थे। निजी कारणों से उनके छुट्टी पर चले जाने के कारण पिछले एक महीने से एक दिन की सुविधा भी बंद हो गई थी। इधर वह छुट्टी से लौट आए और सीएमएचओ ने दो दिन के लिए डॉ. मनीष को पदस्थ कर दिया। दो डॉक्टर होने जाने से सुपेला में अब गर्भवतियों की मुफ्त सोनोग्राफी सप्ताह में तीन दिन की जाएगी।
गर्भवती छोड़ अन्य की सोनोग्राफी नहीं की जाएगी
शास्त्री अस्पताल में गर्भवतियों को छोड़कर दूसरों की सोनोग्राफी नहीं की जाएगी। दूसरे बीमारी के मरीजों को सोनोग्राफी के लिए जिला अस्पताल जाना होगा। गर्भवतियों का वहां भी मुफ्त सोनोग्राफी होगी, दूसरों को शुल्क देना होगा। अन्य मरीजों की सोनोग्राफी नहीं की जाएगी।
सामान्य ऑपरेशन से डिलीवरी पहले से हो चुकी शुरू
शास्त्री अस्पताल में सामान्य सिजेरियन डिलीवरी पहले ही शुरू कर दी गई है। दो महीने पहले तक यहां केवल नार्मल डिलीवरी होती थी। सीजर के केस दुर्ग रेफर किए जाते थे। अब जिला अस्पताल में बेडफुल होने पर सुपेला में सीजर करेंगे। जिला अस्पताल में गर्भवतियों की सोनोग्राफी रोज होती है। यहां भी गर्भवतियों को कोई शुल्क नहीं देना होता है। दोनों अस्पतालों में अंतर यह कि सुपेला में सिर्फ गर्भवतियों के सोनोग्राफी की सुविधा है।
कलेक्टर ने निरीक्षण के दौरान दिए थे निर्देश
लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल का निरीक्षण करने पहुंचे कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेंद्र भुरे ने सोनोग्राफी के लिए डॉक्टर देने का दावा किया था। क्योंकि पदस्थ डॉक्टर के छुट्टी पर चले जाने से दौरे के दौरान सोनोग्राफी सुविधा बंद मिली थी।
तीन दिन सोनोग्राफी होगी, गर्भवतियों को फायदा
गर्भवतियों की सुपेला में अब सप्ताह में तीन दिन मुफ्त सोनोग्राफी होगी। बुध व शनिवार को डॉ. मनीष तथा गुरुवार को डॉ. गुलशन करेंगे। गर्भवतियों के अलावा किसी अन्य बीमारी के मरीजों की सोनोग्राफी नहीं होगी।

Facebook Conversations