भिलाई। दुर्ग जिले के भिलाई नगर थाना पुलिस ने सोशल मीडिया पर एक महिला की निजी जानकारी और फोटो वायरल कर उसकी निजता भंग करने के मामले में आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान प्रांजल यादव उर्फ जर्नलिस्ट प्रांजल (24 वर्ष) के रूप में हुई है, जो सुपेला के राम नगर का निवासी है। पुलिस के अनुसार आरोपी पीजीडीसीए का छात्र है और एक यूट्यूब चैनल भी संचालित करता है।
पुलिस ने बताया कि 4 जून 2026 को पीड़िता ने भिलाई नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में कहा गया था कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने इंस्टाग्राम पर उसका नाम, मोबाइल नंबर और फोटो सार्वजनिक कर दिए, जिससे उसकी निजता का उल्लंघन हुआ। शिकायत के आधार पर थाना भिलाई नगर में अपराध क्रमांक 294/2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान सायबर सेल की मदद से संबंधित इंस्टाग्राम आईडी का तकनीकी विश्लेषण किया गया। डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर आईडी संचालक की पहचान प्रांजल यादव के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर वैधानिक कार्रवाई की। मामले में इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य भी जब्त किए गए हैं और आगे की विवेचना जारी है।
दुर्ग पुलिस ने कहा कि सोशल मीडिया का दुरुपयोग कर किसी भी व्यक्ति की निजी जानकारी, फोटो या अन्य सामग्री उसकी अनुमति के बिना साझा करना कानूनन अपराध है। ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करें। यदि किसी की निजी जानकारी का दुरुपयोग होता है या ऐसी कोई घटना सामने आती है तो तत्काल निकटतम पुलिस थाना या साइबर हेल्पलाइन पर सूचना दें।

Facebook Conversations