भिलाई में पत्नी की गला घोंटकर हत्या की कोशिश: घरेलू विवाद में 22 वर्षीय पति गिरफ्तार, गमछे से किया था हमला
त्वरित खबरें :अमित रिपोर्टिंग

भिलाई। दुर्ग जिले के पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र में घरेलू विवाद के दौरान पत्नी की गला घोंटकर हत्या करने की कोशिश करने वाले आरोपी पति को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। आरोपी ने पहले पत्नी के साथ मारपीट की, फिर गमछे से उसका गला घोंट दिया, जिससे वह बेहोश हो गई।

पुलिस के अनुसार, घटना 5 जुलाई 2026 की है। घरेलू विवाद के बाद पीड़िता कुछ समय के लिए अपने मायके चली गई थी। बाद में आरोपी मिथलेश यादव (22) उसे वापस घर ले आया। इसके बाद दोनों के बीच फिर विवाद हुआ। आरोप है कि आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए पत्नी को जान से मारने की धमकी दी और गमछे से उसका गला घोंटकर हत्या का प्रयास किया। दम घुटने से पीड़िता बेहोश होकर गिर गई।

परिजनों ने तत्काल पीड़िता को अस्पताल में भर्ती कराया। उपचार के दौरान होश में आने पर उसने पूरी घटना की जानकारी पुलिस को दी। पीड़िता की शिकायत पर पुरानी भिलाई थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 351/2026 दर्ज कर मामले की जांच शुरू की।

विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी मिथलेश यादव (22), निवासी आमा कुआ चौक, पुरैना, थाना पुरानी भिलाई, को 8 जुलाई 2026 को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त गमछा भी जब्त किया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109 के तहत वैधानिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि घरेलू हिंसा या महिलाओं के विरुद्ध किसी भी प्रकार के अपराध की जानकारी तत्काल नजदीकी पुलिस थाना या डायल-112 पर दें, ताकि दोषियों के खिलाफ समय पर कठोर कानूनी कार्रवाई की जा सके।

YOUR REACTION?

Facebook Conversations