बढ़े बिजली बिल और स्मार्ट मीटर पर कांग्रेस का हल्लाबोल, 17 जून को प्रदेशभर में घेराव
त्वरित ख़बरें : प्रिया शर्मा ब्यूरों प्रमुख रायपुर

रायपुर । छत्तीसगढ़ में बिजली दरों में बढ़ोतरी और स्मार्ट मीटर को लेकर सियासत गरमा गई है। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने बढ़े हुए बिजली बिल और स्मार्ट मीटर के विरोध में प्रदेशव्यापी चरणबद्ध आंदोलन का ऐलान किया है। राजधानी रायपुर स्थित राजीव भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने भाजपा सरकार पर जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डालने का आरोप लगाया।

दीपक बैज ने कहा कि राज्य सरकार ने घरेलू उपभोक्ताओं के लिए बिजली दरों में 30 से 50 पैसे प्रति यूनिट, गैर-घरेलू उपभोक्ताओं के लिए 20 से 40 पैसे प्रति यूनिट तथा कृषि पंपों की बिजली दरों में 40 पैसे प्रति यूनिट की बढ़ोतरी की है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में यह पांचवीं बार है, जब बिजली दरों में इजाफा किया गया है।

कांग्रेस का आरोप है कि प्रदेश में बिजली बिल लगातार बढ़ रहे हैं और कई उपभोक्ताओं को औसत से तीन गुना तक अधिक बिल मिल रहे हैं। पार्टी ने यह भी आरोप लगाया कि उपभोक्ताओं को एक ही माह में ऑनलाइन और ऑफलाइन अलग-अलग बिल भेजे जा रहे हैं तथा बिना सहमति के अनुबंध भार क्षमता बढ़ाई जा रही है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने स्मार्ट मीटरों पर सवाल उठाते हुए कहा कि इनके लगने के बाद बिजली खपत वास्तविक उपयोग से अधिक दर्ज की जा रही है, जिससे उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि बिजली बिल बढ़ने के पीछे तीन प्रमुख कारण हैं—बिजली दरों में वृद्धि, बिजली बिल हाफ योजना का बंद होना और स्मार्ट मीटरों के जरिए अधिक खपत दर्ज होना।

कांग्रेस ने आंदोलन की रूपरेखा भी जारी की है। पार्टी के अनुसार 17 जून को प्रदेश के सभी जिलों में बिजली कार्यालयों का घेराव किया जाएगा और मुख्यमंत्री का पुतला दहन किया जाएगा। इसके बाद 18 जून को जिला स्तर पर पत्रकार वार्ताएं आयोजित कर जनता को बिजली दरों में बढ़ोतरी के प्रभावों से अवगत कराया जाएगा। वहीं जुलाई के पहले सप्ताह से कांग्रेस कार्यकर्ता घर-घर जाकर स्मार्ट मीटर हटाने की मांग को लेकर आवेदन भरवाएंगे।

दीपक बैज ने कहा कि प्रदेश की जनता एक ओर बिजली कटौती से परेशान है, वहीं दूसरी ओर बढ़े हुए बिजली बिलों ने लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार 24 घंटे बिजली उपलब्ध कराने में विफल रही है, लेकिन उपभोक्ताओं पर लगातार अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाला जा रहा है।

पत्रकार वार्ता में वरिष्ठ कांग्रेस नेता धनेन्द्र साहू, पूर्व मंत्री डॉ. शिव कुमार डहरिया, पूर्व मंत्री अमितेश शुक्ल, प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला, पूर्व विधायक विकास उपाध्याय सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

YOUR REACTION?

Facebook Conversations