और कम होगी पेट्रोल-डीजल की कीमत? केंद्र ने राज्यों को भी VAT घटाने को कहा
केंद्र सरकार ने पेट्रोल और डीजल पर उत्पाद शुल्क में कटौती की है। इस कटौती के बाद पेट्रोल और डीजल के दाम क्रमश: पांच रुपये और 10 रुपये कम हो जाएंगे। पेट्रोल और डीजल पर उत्पाद शुल्क में कमी के बाद केंद्र सरकार ने राज्यों को भी वैल्यू एडेड टैक्स यानी वैट में कटौती करने की अपील की है। केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने ट्वीट किया, "उपभोक्ताओं को और राहत देने के लिए राज्यों को तेल पर वैट कम करके इस उत्सव में शामिल होना चाहिए।"
बिहार सरकार ने मानी अपील: केंद्र सरकार की अपील के बाद बिहार की नीतीश सरकार ने वैट में कटौती की है। बिहार में पेट्रोल पर 1 रुपया 30 पैसा और डीजल पर 1 रुपया 90 पैसे की राहत दी गई है। केंद्र और राज्य सरकार, दोनों की राहत के बाद बिहार के लोगों को पेट्रोल पर 6.30 रुपया और डीजल 11.90 रुपया सस्ता मिलेगा।
केंद्र सरकार ने क्या कहा: पेट्रोल और डीजल पर उत्पाद शुल्क कटौती के बाद वित्त मंत्रालय ने कहा कि खपत को बढ़ावा मिलेगा और महंगाई कम रहेगी। इससे गरीब और मध्यम वर्ग को मदद मिलेगी। वहीं, डीजल पर उत्पाद शुल्क कम होने से आगामी रबी सीजन के दौरान प्रोत्साहन मिलेगा।
बता दें कि हाल के महीनों में, कच्चे तेल की कीमतों में वैश्विक स्तर पर उछाल देखा गया है। इस वजह से हाल के हफ्तों में पेट्रोल और डीजल की घरेलू कीमतों में वृद्धि हुई है, जिससे मुद्रास्फीति संबंधी दबाव बढ़ गया है।

Facebook Conversations