औद्योगिकी  सुरक्षा विभाग की जांच में कंपनी की लापरवाही आई सामने, कंपनी को नोटिस भी जारी होगा
त्वरित खबरे

भिलाई के हथखोज स्थित नीरोज इस्पात कंपनी में करंट से हुई इलेक्ट्रीशियन की मौत के मामले की जांच शुरू हो गई है। औद्योगिक सुरक्षा विभाग की टीम बुधवार को कंपनी पहुंची। टीम ने दो दिन तक घटना स्थल का मुआयना किया। जिला औद्योगिक सुरक्षा अधिकारी का कहना है कि इलेक्ट्रीशियन की मौत कंपनी द्वारा बरती गई सुरक्षा को लेकर लापरवाही के चलते हुई है। वह जल्द इस मामले में कंपनी को नोटिस देंगे। उधर, कंपनी के जिम्मेदार इस पूरी घटना से ही अंजान बनने का राग अलाप रहे हैं।

इस मामले की जांच भिलाई-03 थाना पुलिस ने भी शुरू कर दी है। यहां के टीआई विनय सिंह बघेल का कहना है कि 19 अक्टूबर मंगलवार सुबह करीब 11 बजे कंपनी में इलेक्ट्रीशियन का काम करने वाले शांतिनगर सड़क-1 निवासी सागर भल्ला पिता संजीव भल्ला (26 वर्ष) की ड्यूटी के दौरान करंट लगने से मौत हो गई थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर बुधवार को शव का पोस्टमॉर्टम कराया है। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है। सागर की मौत कैसे हुई इसके लिए कंपनी के कर्मचारियों और अन्य लोगों से पूछताछ की जा रही है। वहीं इस मामले की जांच के असिस्टेंट इंजीनियर इलेक्ट्रीकल सेफ्टी इंस्पेक्टर रायपुर के द्वारा भी की जाएगी।

हांथ में ग्लब्स नहीं और जमीन थी पानी से गीली

औद्यो्गिक सुरक्षा एवं स्वास्थ्य विभाग की टीम ने जब बुधवार को मामले की जांच की तो कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए। विभाग के लोगों ने पाया कि नीरोज इस्पात प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के अंदर जहां पर सागर की मौत हुई, वहां साफ-सफाई का काम चल रहा था। इस दौरान सागर को इलेक्ट्रिक पैनल की साफ-सफाई के लिए कहा गया था। जिस जगह इलेक्ट्रिक पैनल था, वहां नीचे जमीन पानी गिरने से गीली थी। इसके बाद भी कंपनी द्वारा सागर को इलेक्ट्रिक ग्लब्स भी नहीं दिए गए थे। उसने सुरक्षा की अनदेखी करते हुए पैनल की सफाई की और करंट की चपेट में आ गया।

कंपनी के जिम्मेदारों का दावा-दुर्घटना स्थल पर नहीं चल रहा था कोई काम

कंपनी के मैनेजर मनीष अग्रवाल ने बताया कि जिस जगह पर दुर्घटना हुई वहां पर कोई काम नहीं चल रहा था। जमीन पर पानी होने की बात जो कही जा रही है वह गलत है। दरअसल, वहां जमीन पर कटिंग ऑयल गिरा था। यह ऑयल भी पानी की तरह होता है, इसलिए जमीन को गीला मान लिया गया है। रही बात ग्लब्स पहनने की तो वहां जब कोई काम चल ही नहीं रहा था तो ग्लब्स पहनने की बात ही नहीं आती है।

सुरक्षा की अनदेखी के चलते हुई मौत

औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा विभाग के उप संचालक केके द्विवेदी का कहना है कि नीरोज इस्पात प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में इलेक्ट्रीशियन की करंट लगने से मौत के मामले में जांच की जा रही है। प्राथमिक जांच में यह पाया है कि इलेक्ट्रीशियन जहां काम कर रहा था वहां की जमीन पानी गिरने से गीली थी और बिना दस्ताना पहनाए हुए उससे काम लिया जा रहा था। इस मामले में असिस्टेंट इंजीनियर इलेक्ट्रीकल सेफ्टी इंस्पेक्टर को पत्र लिखकर सूचना दी गई है।

YOUR REACTION?

Facebook Conversations