नई दिल्ली 19 मई 2022

दिल्ली के एम्स से एक मासूम की खबर ने सबको भावुक कर दिया है। महज एक 6 साल की बच्ची ने पांच लोगों को जिंदगी दी है। इस मासूम बच्ची को नोएडा में अज्ञात हमलावरों ने सिर में गोली मार दी थी। जिसकी वजह से वह कोमा में चली गई थी। काफी कोशिशों के बाद डॉक्टर्स ने उसे ब्रेन डेड घोषित कर दिया था।
अंगदान को लेकर डॉक्टर ने पेरेंट्स को समझाया
एम्स के डॉक्टर दीपक गुप्ता ने बताया कि बच्ची के ब्रेन डेड के बाद वे रोली के माता-पिता से मिले और अंगदान को लेकर बात की. हमने उन्हें समझाया कि अगर वे अनुमति देते हैं और अंगदान के लिए तैयार हो जाते हैं तो अन्य बच्चों की जान बच सकती है। इसके बाद रोली के पेरेंट्स अंगदान के लिए राजी हो गए और बच्ची का लिवर, किडनी, कॉर्निया और हार्ट वाल्व जैसे 5 अंग दान कर दिए गए।
अंगदान के फैसले की हर जगह हो रही सराहना
रिपोर्ट के मुताबिक बच्ची के पिता हरिनारायण प्रजापति पेशे से दर्जी हैं। उन्होंने कहा कि, "हमारी बेटी नहीं रही लेकिन उसके अंगों की वजह से कम से कम किसी और का बच्चा तो बचेगा। इसलिए हमने अपनी बेटी के अंगदान करने का फैसला किया।”अपनी मासूम बच्ची के अंगदान के फैसले को लेकर एम्स के डॉक्टर्स ने रोली के माता-पिता की सराहना की।
बच्ची को किसी ने मारी थी गोली
डॉक्टर ने बताया कि, “रोली नाम की लड़की को बुधवार को नोएडा में अपने घर पर खेलते समय कथित तौर पर बंदूक की गोली लग गई थी। सीटी स्कैन में भी गोली लगने की पुष्टि हुई है। उन्होंने कहा कि, “जब उसे एम्स ले जाया गया, तो उसकी हालत बहुत गंभीर थी। हमने उसे बचाने की कोशिश की लेकिन आखिरकार शुक्रवार को उसे ब्रेन डेड घोषित कर दिया गया। उसके बाद, हमारे सलाहकारों ने उनसे अंगदान के लिए अनुरोध किया और सहमति ली गई। ”
बच्चों द्वारा अंगदान का केस कम होता है
एम्स में न्यूरोसर्जरी के प्रोफेसर डॉ दीपक गुप्ता ने कहा कि यह पहली बार है जब इतने छोटे बच्चे के परिवार ने ट्रॉमा सेंटर में ब्रेन डेथ के बाद अंग दान करने पर सहमति जताई है। उन्होंने कहा कि बच्चों द्वारा अंगदान दुर्लभ होता है। मैं परिवार को सलाम करता हूं। उन्होंने अपनी छोटी बेटी को खोने का गम भुला दिया और उसके अंग दान करने को तैयार हो गए ताकि किसी और को बचाया जा सके, ”
मासूम की किडनी और लीवर ने बचाई दो बच्चों की जान
डॉक्टरों ने ब्रेन डेड बच्ची का लीवर, दो किडनी, हार्ट वाल्व और कॉर्निया लिया है। मासूम की किडनी एम्स में एक बच्चे में ट्रांसप्लांट की गई, जबकि लीवर को NOTTO द्वारा इंद्रप्रस्थ अपोलो अस्पताल को आवंटित किया गया था, जहां डॉक्टरों ने लखनऊ के दूसरे बच्चे का लिवर ट्रांसप्लांट करने की तैयारी की थी। एम्स में ऑर्गन रिट्रीवल एंड बैंकिंग ऑर्गनाइजेशन (ओआरबीओ) की प्रमुख डॉ आरती विज ने कहा कि इस साल संस्थान में किसी ब्रेन डेड व्यक्ति की ओर से यह चौथा अंगदान है।

Facebook Conversations