सरकार के कामकाज को धरातल तक पहुंचाने के साथ ही पार्टी का गतिविधियों को बूथ स्तर तक पहुंचाने के लिए कांग्रेस ने तैयारी कर ली है। जल्द ही पीसीसी के रिक्त पदों पर नियुक्तियों के साथ ही नए जिलों के अध्यक्ष भी घोषित किए जाएंगे। निगम-मंडल आयोग में स्थान नहीं मिलने वाले प्रदेशभर के नेताओं को सचिव, संयुक्त सचिव औैर संयुक्त महामंत्री पद देकर संतुष्ट किया जाएगा।
साल 2023 में विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में कांग्रेस संगठन अपने सभी पदाधिकारियों को टास्क देने की तैयारी कर रही है। बताया गया है कि जितने भी नए महासचिव बनाए गए हैं उन सबको अलग-अलग जिलों के प्रभार देकर जिलों की गतिविधियों की मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए जाएंगे। साथ ही ब्लाक स्तर तक पीसीसी की बातों को पहुंचाया जाएगा। दरअसल सत्ता की ओर से लगातार यह शिकायतें मिल रही हैं कि पार्टी की गतिविधियां निचले स्तर तक नहीं पहुंच पा रही है। सरकार की जनहितैषी योजनाओं के बारे में भी लोगों को जानकारी नहीं है। इसके लिए लगभग छह माह पहले हुई बैठक में पार्टी पदाधिकारियों को कहा गया था कि सरकार की योजनाओं को संगठन के माध्यम से निचले स्तर तक पहुंचाने की जिम्मेदारी उनकी है। दो दिन पहले हुई बैठक में यही मुद्दा छाया रहा कि सरकारी योजनाएं लोगों तक नहीं पहुंच पा रही हैं।
सात सौ से ज्यादा कार्यकर्ता होंगे एडजस्ट
सचिव, संयुक्त सचिव पद पर नियुक्ति के लिए काेई निर्धारित संख्या नहीं है। हालांकि पीसीसी ने 90 लोगों की सूची भेजी है। इस लिहाज से माना जा रहा है कि इन दोनों पदों पर पांच सौ से ज्यादा लोगों को एडजस्ट किया जाएगा। संयुक्त महामंत्री पद पर भी दो दर्जन से अधिक लोगों की नियुक्तियां की जाएंगी।
विपक्षी हमलों का जवाब देने नए प्रवक्ता भी
कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता सुशील आनंद शुक्ला को संचार विभाग का प्रमुख बनाया गया है। इसके बाद से यह सुगबुगाहट भी तेज हो गई है कि प्रमुख प्रवक्ता पद पर किसे बिठाया जाएगा। वहीं नए प्रवक्ताओं की नियुक्तियां भी की जाएंगी। संचार विभाग के सदस्यों की भी नई सूची तैयार की जा रही है।
पुनिया को यूपी में जिम्मेदारी, प्रभारी बदलने की चर्चा
प्रदेश कांग्रस प्रभारी पीएल पुनिया को उत्तरप्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए चुनाव प्रचार समिति का चेयरमेन बनाया गया है। 20 सदस्यीय इस कमेटी में राजबब्बर, इमरान प्रतापगढ़ी समेत अन्य नेता भी शामिल हैं। पुनिया को मिली इस अहम जिम्मेदारी के बाद छत्तीसगढ़ कांग्रेस के प्रभारी बदले जाने की चर्चा भी जोरों पर है। बताया जा रहा है कि जल्द ही छग कांग्रेस के नए प्रभारी की नियुक्ति कर दी जाएगी।

Facebook Conversations