राजनांदगांव, 29 मार्च 2022/ निशा बिस्वास छ.ग.मार्केटिंग हेड / कोरोना महामारी से लड़ने के लिए जिले में 12 से 14 साल तक के बच्चों का भी टीकाकरण शुरू किया गया है। जिला अस्पताल के साथ ही विकासखंड स्तर पर भी टीकाकरण कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। राजनांदगांव जिले में इस आयु वर्ग के लगभग 64,000 बच्चों को चिन्हित किया गया है, जिनमें अब तक 29,404 बच्चों को पहले डोज से टीकाकृत किया जा चुका है।
कोरोना संक्रमण का ग्राफ जिले में अब शून्यता की ओर है लेकिन संक्रमण पर रोकथाम के प्रयास लगातार जारी हैं। कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए जिले में जनजागरुकता अभियान चलाया जा रहा है। लोगों से मास्क लगाने, हाथों को सैनेटाइज करने तथा आवश्यक शारीरिक दूरी का पालन करने की लगातार अपील की जा रही है। टीकाकरण की प्रगति पर जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. बीएल तुलावी ने बताया, कोरोना संक्रमण से बचाव हेतु स्वास्थ्य विभाग द्वारा 12 से 14 साल तक के बच्चों के
टीकाकरण के लिए कोविन एप पर पंजीयन किया जा रहा है। इस आयु वर्ग के बच्चों को हैदराबाद स्थित बायोलॉजिकल-ई कंपनी से बने कॉर्बेवैक्स टीके लगाए जा रहे हैं। टीकाकरण अभियान में टीके की दो डोज लगाई जानी है। पहले डोज के चार सप्ताह बाद दूसरा डोज लगाया जाएगा। इसके लिए टीकाकरण कर्मचारियों को अपग्रेड प्रशिक्षण भी दिया गया है। डॉ. तुलावी ने बताया कि गुजरे लगभग 13 दिनों में कुल चिन्हित बच्चों में से 29,404 को पहले डोज का टीका लगाया जा चुका है।
इस संबंध में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. मिथिलेश चौधरी ने बताया कि कोरोना संक्रमण पर पूरी तरह नियंत्रण करने के लिए टीकाकरण पर लगातार जोर दिया जा रहा है। टीकाकरण कार्यक्रम के अंतर्गत जिले में विभिन्न स्थानों पर शिविर लगाकर निर्धारित आयु वर्ग के पात्र लाभार्थियों का टीकाकरण किया जा रहा है। साठ वर्ष से अधिक आयु के लोगों के प्रीकॉशनरी या बचाव डोज के लिए कोमोरबिडिटी यानी गंभीर बीमारियों से प्रभावित रहने की अनिवार्यता भी अब समाप्त कर दी गई है। इस आयु वर्ग के ऐसे लोग जिन्हें दूसरी खुराक लिए नौ महीने या 39 सप्ताह पूरे हो चुके हैं, वे अपनी तीसरी खुराक निकटतम टीकाकरण केंद्र में जाकर ले सकते हैं।
जिले में 24 लाख लोगों को लग चुका है टीका
जिले में लगभग 13.02 लाख लोगों को कोरोना टीके की पहली डोज, 11.02 लाख लोगों को दोनों डोज तथा 19,895 लोगों को प्रीकॉशनरी डोज लगाई जा चुकी है। यानी लगभग 24.24 लाख टीके लग चुके हैं।
..................................

Facebook Conversations