जम्मू-कश्मीर में आतंकियों ने शनिवार को एक बार फिर बाहरी नागरिकों की हत्या कर दी। आतंकियों ने श्रीनगर के ईदगाह इलाके में बिहार के एक हॉकर को गोली मार दी। गंभीर स्थिति में उसे श्रीनगर के SMHS अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मारे गए व्यक्ति का नाम अरविंद कुमार साह था। वह बिहार के बांका जिले का रहने वाला था और रेहड़ी लगाकर पानी पुरी बेचता था।
दूसरी घटना में आतंकियों ने शनिवार को ही पुलवामा में सगीर अहमद नाम के शख्स को गोली मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। यूपी का रहने वाला सगीर कारपेंटर का काम करता था। पुलवामा के ही काकापोरा में सुरक्षाबलों को निशाना बनाकर ग्रेनेड हमला भी किया गया। घटना के बाद सुरक्षाबल मौके पर पहुंच गए हैं और इलाके में तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया है। कश्मीर में 2 अक्टूबर से अब तक आतंकवादी 8 आम नागरिकों की हत्या कर चुके हैं।
7 अक्टूबर: स्कूल टीचर और प्रिंसिपल की हत्या
श्रीनगर में आतंकियों ने ईदगाह इलाके में एक स्कूल में घुसकर दो टीचर्स की हत्या कर दी थी। इनमें प्रिंसिपल सुपिंदर कौर और शिक्षक दीपक चांद शामिल थे। सुपिंदर सिख समुदाय से और दीपक चांद कश्मीरी पंडित थे। दोनों श्रीनगर के अलोचीबाग के रहने वाले थे। आतंकियों ने दोनों के आईडी कार्ड चेक करने के बाद उन्हें गोली मारी थी।
5 अक्टूबर: प्रसिद्ध फार्मासिस्ट को गोली मारी
श्रीनगर के इकबाल पार्क क्षेत्र में प्रसिद्ध फार्मासिस्ट माखनलाल बिंद्रू को आतंकियों ने उनके मेडिकल स्टोर में घुसकर गोली मार दी थी। 68 साल के बिंद्रू उन चुनिंदा लोगों में थे, जिन्होंने 90 के दशक में भी कश्मीर नहीं छोड़ा था। आतंकियों ने बाहरी लोगों को धमकी दी कि वे कश्मीर आकर स्थानीय लोगों के रोजगार न छीनें।
5 अक्टूबर: बिहार के रेहड़ीवाले को गोली मारी
बिंद्रू पर हमले के एक घंटे बाद अवंतीपोरा के हवला इलाके में आतंकियों ने बिहार के वीरेंद्र पासवान को मार डाला था। वीरेंद्र भेलपुरी और गोलगप्पे का ठेला लगाते थे। वे भागलपुर के रहने वाले थे। इसके कुछ मिनट बाद बांदीपोरा के मो. शफी लोन की गोली मारकर हत्या कर दी गई।
कश्मीर में आतंकियों का टारगेट, 200 गैर मुस्लिमों की हत्या
कश्मीर में आतंकियों के निशाने पर 200 गैर मुसलमान हैं। जम्मू-कश्मीर में कश्मीरी पंडितों और गैर-मुस्लिमों पर हमले करने की बड़ी साजिश पाक अधिकृत कश्मीर (POK) में रची जा रही है। इस संबंध में हाल ही में पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ISI और पाक अधिकृत कश्मीर में मौजूद आतंकियों के बीच एक सीक्रेट मीटिंग हुई है। कई मीडिया रिपोर्ट ने इस मीटिंग को लेकर खुलासा किया है।
रिपोर्ट में बताया गया है कि आईएसआई और आतंकी संगठनों के बीच यह गुप्त बैठक 21 सितंबर को हुई थी। भारतीय खुफिया एजेंसियों को ISI और आतंकी संगठनों के बीच हुई गोपनीय बैठक से संबंधित कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं।