राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ के कांग्रेस नेताओं के घरों पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की कार्रवाई की आलोचना करते हुए खुज्जी विधायक श्रीमती छन्नी चंदू साहू ने बयान जारी किया है। उन्होंने अपने बयान में कहा कि – स्पष्ट है कि ईडी की कार्रवाई इशारे पर की गई है। हमारे नेताओं ने ईडी के अधिकारियों के दुर्व्यवहार, धमकी दिए जाने की भी पुष्टि की है। छापे की कार्रवाई में शामिल अफसरों ने तो गोलियां चलाने की भी बातें कहीं हैं। किसी भी जांच एजेंसी का ये बर्ताव साबित करता है कि प्रदेश के कांग्रेस नेताओं को निशाना बनाया जा रहा है।
विधायक छन्नी साहू ने कहा कि – पक्षपात और केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग किया जा रहा है। प्रदेश में भाजपा की जमीनी स्थिति और कांग्रेस की राज्य सरकार के बढ़ते प्रभाव के आगे बेबस हो चुकी भाजपा अब केंद्र सरकार की ताकतों का बेजा इस्तेमाल करने पर उतारु हो चुकी है। मीडिया संस्थानों का अपने अरबपति मित्रों से अधिग्रहण करवाने, नेताओं को केंद्रीय जांच एजेंसियों के माध्यम से डराकर देश में विरोध की आवाज़ दबाए जाने के प्रयास हो रहे हैं।
छत्तीसगढ़ में होने वाले कांग्रेस के 85वें राष्ट्रीय अधिवेशन के संबंध में विधायक छन्नी साहू ने कहा कि – इस अधिवेशन में खलल डालने की विपक्ष की हर कोशिशें नाकाम हैं। ईडी को भी कार्रवाई के बाद मुंह छिपाना पड़ रहा है। तभी तो वे छापों के बाद जानकारी देने से पीछे हट रहे हैं। कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता जुझारु है... वो डरेगा नहीं। लोकतांत्रिक व्यवस्था में तानाशाही की कोशिशें ज्यादा दिन टिक नहीं सकेंगी।
उन्होंने कहा कि – 24 फरवरी से देशभर से जुट रहे कांग्रेस नेताओं का अधिवेशन वह शंखनाद साबित होगा जिसके बाद भाजपा की अनीतियों को करारा जवाब मिलेगा। वे पहले ही भारत जोड़ो यात्रा की सफलता से थरथरा रहे हैं। इस अधिवेशन को लेकर उनकी घबराहट साफ दिखाई दे रही है। देश एक बड़े बदलाव की ओर देख रहा है... और भाजपा ये भांप चुकी है।