संक्रमण आठ जिलों में 10 दिन से जीरो छह और जिलों से इसी हफ्ते एक्टिव केस खत्म

त्वरित खबरे

प्रदेश में कोरोना के 19 नए संक्रमित और बढ़ गए हैं। रायपुर में एयरपोर्ट में कार्यरत एक महिला स्टॉफ समेत दो नए पॉजिटिव और मिले हैं। पिछले 24 घंटे में शून्य मौत हुई है। इस बीच, त्योहार के मौके पर राहत की खबर ये है कि प्रदेश के आठ जिलों में न्यूनतम एक से अधिकतम 43 दिन से कोरोना का एक भी मरीज नहीं है। इन जिलों में कवर्धा, धमतरी, बालोद, गौरेला, सरगुजा, बलरामपुर, नारायणपुर और बीजापुर है। यही नहीं, 5 जिलों बालोद, बेमेतरा, महासमुंद, गरियाबंद, कोरिया और कांकेर में कोरोना के मरीज अब 5 से भी कम बचे हैं।

इनकी इसी हफ्ते अस्पताल या होम आइसोलेशन से छुट्टी हो जाएगी और फिर वहां कोई मरीज नहीं होगा। कोरोना की दोनों लहरों में पीक के ढल जाने के उपरांत इस तरह की स्थिति पहली बार बनी है। प्रदेश में कुल सक्रिय मरीजों की संख्या भी अब सिमट कर तेजी से 200 से नीचे जा रही है। वहीं कोरोना टीकाकरण भी लगातार बढ़ रहा है। जानकारों के मुताबिक इस तरह की अच्छी स्थिति हमेशा बनी रहे इसके लिए जरूरी हो चला है कि लोग जल्द से जल्द वैक्सीन लगवा लें। प्रदेश में अब तक 1.96 करोड़ से अधिक टीके लग चुके हैं। वहीं 1.40 करोड़ से अधिक लोग पहला टीका लग चुकवा हैं। जबकि 55 लाख से अधिक आबादी को दोनों टीके लग गए हैं।