जांजगीर-चांपा: बरगवां में घर से 40 लीटर अवैध महुआ शराब जब्त, एक आरोपी गिरफ्तार...

त्वरित ख़बरें :- अमित यादव रिपोर्टिंग

जांजगीर-चांपा। जिले के अकलतरा थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए ग्राम बरगवां से 40 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त की है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, 9 अक्टूबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम बरगवां निवासी भोला भारद्वाज अपने घर में अवैध रूप से महुआ शराब रखकर बिक्री कर रहा है। सूचना के आधार पर अकलतरा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और तलाशी ली।

तलाशी के दौरान एक सफेद प्लास्टिक बोरी में रखे पांच पैकेट से कुल 200 पाउच कच्ची महुआ शराब बरामद की गई। प्रत्येक पाउच में 200 मिलीलीटर शराब थी। इस तरह कुल 40 लीटर शराब जब्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 10 हजार रुपये बताई गई है।

पुलिस ने आरोपी भोला भारद्वाज को 9 अक्टूबर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। इसके बाद उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पहले भी हो चुकी है कार्रवाई

पुलिस के मुताबिक, अकलतरा थाना क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 12 और 13 में इससे पहले भी अवैध अंग्रेजी एवं देसी शराब, व्हिस्की और बीयर के खिलाफ कार्रवाई की जा चुकी है। इन कार्रवाइयों में क्रमशः 184 लीटर और 104 लीटर शराब जब्त किए जाने की जानकारी दी गई है।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विजय पाण्डेय के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलेण्डन यार्क के मार्गदर्शन और एसडीओपी अकलतरा डॉ. मेखलेन्द्र प्रताप सिंह के पर्यवेक्षण में की गई। थाना प्रभारी निरीक्षक जय कुमार साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के निर्माण, संग्रहण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।