भिलाई में बन रहा है मदर्स मार्केट:पॉवर हाउस इलाके में आकार ले रहे इस बाजार में सिर्फ महिलाओं की दुकानें, उनसे सीधे खरीद सकेंगे उनके बनाए उत्पाद

त्वरित खबरे

शहर में संचालित 3 हजार 280 स्व सहायता समूहों को अब अपनी बनाई वस्तुओं को बेचने के लिए बाजार की तलाश नहीं करनी पड़ेगी। नगर निगम द्वारा भिलाई के मुख्य मार्केट पॉवर हाउस क्षेत्र में मदर्स मार्केट तैयार किया जा रहा है। निर्माणाधीन इस मार्केट में कुल 27 दुकानें तैयार की जा रही है। इसके बन जाने के बाद यह दुकानें इन समूहों को दी जाएगी। मंगलवार को नगर निगम आयुक्त प्रकाश सर्वे निगम के अन्य अधिकारियों के साथ यहां का दौरा करने पहुंचे।

निगम द्वारा जो मदर्स मार्केट का निर्माण किया जा रहा है यह पूरी तरह से महिलाओं को देखते हुए बनाया जा रहा है। महिला समूह यहां अपने द्वारा बनाए गए प्रोडक्ट का विक्रय कर करेंगी, जिससे उनकी आत्मनिर्भरता बढ़ेगी। मदर्स मार्केट को बड़े शॉपिंग मॉल की तर्ज पर ड्रांईग डिजाइन कर तैयार किया जा रहा है। निर्माणाधीन मार्केट परिसर का आयुक्त ने निरीक्षण करते हुए भवन के भीतर टाईल्स, रंग रोगन, कैंटिन, पार्किंग, बाउंड्री वॉल निर्माण, डोम शेड कार्य की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी कार्य तेजी से हों।

महिला समूहों को मिलेगा बड़ा प्लेटफार्म

मदर्स मार्केट का निर्माण महिलाओं द्वारा तैयार किए गए उत्पाद के विक्रय को देखते हुए किया जा रहा है। यहां इन्हें एक ऐसा प्लेटफार्म मिलेगा जहां वह अपने द्वारा तैयार उत्पादों को रखेंगी और शहर के लोग सीधे उनसे किफायती दाम पर उनके सामान को खरीद पाएंगे।

भिलाई नगर निगम में हैं 3280 स्व. सहायता समूह

निगम भिलाई में 3280 स्व सहायता समूह पंजीकृत हैं। प्रत्येक समूह में 10 से 20 महिलाएं जुड़ी हुई हैं। निगम प्रशासन समूह की महिलाओं को स्वरोजगार के अवसर दिलाने के लिए इस तरह के प्लेटफार्म उपलब्ध रहा है। निगम द्वारा तैयार सर्वसुविधायुक्त परिसर में महिला समूह अपने उत्पाद का विक्रय कर सकेंगी। 1 करोड़ 48 लाख की लागत से बनाए जा रहे मदर्स मार्केट को मुख्य मार्ग से जोड़ा गया है। इससे लोग सीधे यहां पहुंच सकेंगे।