बेजुबान पर क्रूरता, कुत्ते ने भौंका तो नशेड़ी युवक ने ईंट फेंक कर मार डाला :

त्वरित खबरे :

17 अक्टूबर 2022

कानपुर. जूही थाना इलाके में सिरफिरे नशेबाज ने एक कुत्ते को ईंट मारकर मौत के घाट उतार दिया. वह भी सिर्फ इसलिए क्योंकि कुत्ता कुछ घंटे पहले युवक पर भौंका था. घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद यह बात साफ हो गई कि युवक ने जब कुत्ते पर ईंट से हमला किया तो उस समय वह सो रहा था. वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद कानपुर के जूही थाना पुलिस हरकत में आई और आरोपी पर मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया. फिलहाल घटना के बाद कोई भी पशु संरक्षण संस्था इस मामले में आरोपी के खिलाफ वाद दर्ज कराने को तैयार नहीं हुई, तब जाकर पुलिस ने खुद मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की.

स्थानीय लोगों का कहना है कि एक कुत्ता दुकान के पास था. इसी बीच इलाके में रहने वाला जैकी नशे में धुत होकर आया और एक बड़ा सा ईंट उठाया और कुत्ते के सिर पर मार दिया. सिर पर चोट लगने से कुत्ते की मौके पर ही तड़प कर मौत हो गई. जब इस घटना का लोगों ने विरोध किया तो जैकी और उसके परिवारवाले लड़ने पर उतारू हो गए. जैकी नशे का आदी है और देर रात घर आता-जाता है, जिसको देखकर कुत्ते उस पर भौंका करते थे.