‘आयुष्मान’ के तहत होगा सालाना 5 लाख तक का मुफ्त इलाज , ट्रांसजेंडर को केंद्र सरकार का बड़ा तोहफा ,

त्वरित खबरे :

25/अगस्त /2022

ट्रांसजेंडर समुदाय को लेकर सरकार ने एक बड़ा निर्णय लिया है. जल्द ही ट्रांसजेंडर निशुल्क लिंग परिवर्तन (सेक्स रिअसाइनमेंट सर्जरी) करा सकेंगे. अभी तक देश में किसी अस्पताल में सेक्स रिअसाइनमेंट सर्जरी निशुल्क उपलब्ध नहीं है. केंद्र की मोदी सरकार ने बुधवार को ट्रांसजेंडर समुदाय से जुड़े लोगों को आयुष्मान भारत योजना का लाभ देने की घोषणा किया है.

वहीं, इस दौरान राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण (एनएचए) व सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय के बीच एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर भी हुए. केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने बताया कि अब ट्रांसजेंडर को भी आयुष्मान भारत योजना के तहत 5 लाख तक के सालाना मुफ्त इलाज की सुविधा मिलेगी. इसकी पात्रता के लिए ट्रांसजेंडर प्रमाण पत्र अनिवार्य है, जिसे सरकार के राष्ट्रीय पोर्टल द्वारा जारी किया जाता है.

परिवार की परिभाषा में किया गया बदलाव

नई दिल्ली स्थित डॉ. अंबेडकर अंतरराष्ट्रीय केंद्र में आयोजित कार्यक्रम में डॉ. मांडविया ने कहा कि आयुष्मान योजना परिवारों के लिए है लेकिन यह समाज परिवार से नहीं जुड़ी है. इसलिए हमने ट्रांसजेंडर समाज को 5 लाख का बीमा देने के लिए परिवार की परिभाषा में बदलाव किया है. देश में कुल 4.80 लाख ट्रांसजेंडर रजिस्टर्ड हैं.

वहीं, एनएचए के सीईओ डॉ. आरएस शर्मा ने बताया कि ट्रांसजेंडर को आयुष्मान भारत के मौजूदा 1200 से ज्यादा पैकेज का लाभ मिलेगा. साथ ही ये लिंग परिवर्तन भी करा सकेंगे. इससे जुड़ा स्वास्थ्य पैकेज घोषित किया जाएगा. इस पर काम चल रहा है.