द्रोणिका का असर:शाम को आंधी-बारिश, पेड़ गिरे बिजली बंद; आज से तापमान में गिरावट की संभावना

त्वरित खबरे

राजनांदगांव  19 मई 2022

 आदित्य लोहिया ने गंज मंडी के पास बिजली की यह तस्वीर क्लिक की।


द्रोणिका के असर से मौसम में बदलाव हो रहा है। दोपहर में भीषण गर्मी के बाद शाम चार बजे के आसपास मौसम अचानक बदल गया। तेज हवा के साथ अंधड़ चलने लगी। काफी देर तक बादल गरजे। इसके बाद बारिश का जो सिलसिला शुरू हुआ वह करीब घंटे भर जारी रहा। इसका असर जिले भर में दिखा है। लोगों ने जहां बारिश की वजह से राहत की सांस ली लेकिन अधिकांश जगह बिजली बंद होने से परेशानी बढ़ गई। देर शाम तक आसपास में बादल छाए रहे और बिजली भी कड़कती रही।


मौसम विभाग ने गुरुवार से अधिकतम तापमान में गिरावट के संकेत दिए है। इससे उम्मीद है कि आने वाले दिनों में भीषण गर्मी से कुछ हद तक राहत मिल सकेगी। बुधवार को अधिकतम तापमान 40 डिंगी दर्ज किया गया। सुबह से दोपहर तक तेज धूप की स्थिति रही। इसके बाद आसमान में बादल छाने लगे।

तेज गरज और चमके के साथ शहर सहित जिले के कई हिस्सों में तेज बारिश हुई। इस दौरान तेज अंधड़ भी चलती रही। देर शाम तक मौसम इसी तरह बना रहा। मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया कि गुरुवार को भी मौसम की स्थिति ऐसी ही रह सकती है।

दर्जनों पेड़ जड़ से उखड़े, आवाजाही में दिक्कत

तेज अंधड़ के साथ बारिश होने से जिले में कई जगहों पर पेड़ धराशायी हो गए। डोंगरगांव क्षेत्र में आरी, कोनारी, बीजेभांठा के बीच में पेड़ गिर गए। इस वजह से आवाजाही बाधित हो गई थी। क्षेत्र के जागरूक लोगों ने सड़क पर गिरे पेड़ को हटाया। वहीं बिजली तार पर पेड़ की डंगाल गिरने से क्षेत्र में बिजली की आपूर्ति बाधित हुई।

डोंगरगांव सहित आसपास के क्षेत्र में देर तक बिजली सप्लाई बंद रही। यहां शहर में भी आंधी चलते ही बिजली सप्लाई कुछ देर के लिए बंद कर दी गई थी। कई जगहों पर टीन शेड भी उखड़ गए हैं। सड़क किनारे लगाए गए होर्डिंग भी उखड़े हैं। लोगों को परेशानी हुई।

अगले दो दिन भी बारिश होने की संभावना: चंद्रा
मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया कि एक उत्तर - दक्षिण द्रोणिका मध्यप्रदेश से तमिलनाडु तक 0.9 किमी. की उंचाई पर स्थित है। वहीं एक द्रोणिका का विस्तार राजस्थान से पश्चिम असम तक है। इन दोनों ही द्रोणिका का असर राज्य के मौसम पर बना हुआ है।

इसी के चलते बुधवार को बारिश हुई। मौसम विज्ञानी चंद्रा ने बताया कि इस सिस्टम के मजबूत होने से अगले दो दिन भी बारिश की संभावना बनी हुई है। इस दौरान तेज अंधड़ के साथ गरज चमक की स्थिति भी बनी रहेगी।

अंधड़ की वजह से बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई
बारिश के साथ शहर सहित जिलेभर में चली तेज अंधड़ से बिजली आपूर्ति भी प्रभावित रही। शहर के कई हिस्सों में करीब 40 से 45 मिनट बिजली बंद रही। वहीं ग्रामीण इलाकों में कई जगह ट्रांसफार्मर में खराबी आने की भी शिकायत रही। इसके चलते देर शाम तक बिजली आपूर्ति ठप रही।

हालाकि शिकायत मिलते ही बिजली कंपनी के अफसर इसमें सुधार करने में जुटे रहे। बारिश के दौरान व्यवस्था बनाए रखने के लिए बिजली कंपनी ने मेंटेनेंस भी ग्रामीण इलाकों में कर रही है।

अनुमान, तापमान गिरेगा पर उमस और बढ़ेगी
मौसम का जो सिस्टम बना हुआ है, उससे तापमान में गिरावट की संभावना तो है, लेकिन इससे उमस में बढ़ोतरी भी होगी। नमीयुक्त हवा की वजह से ऐसी स्थिति बन रही है। उमस की सबसे अधिक स्थिति दोपहर से देर शाम तक रहेगी। इस दौरान उमस लोगों को कुछ अधिक परेशान कर सकती है।

इस सीजन में अप्रैल में तापमान ने अपने सारे रिकार्ड ध्वस्त कर दिए थे, इसके बाद मई में लगातार तापमान 40 डिग्री के पार बना हुआ है। गुरुवार से होने वाले तापमान में गिरावट से लोगों को काफी राहत मिलेगी।