बेमेतरा। जिले में अवैध शराब और अन्य आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ बेमेतरा पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में साइबर सेल और थाना बेरला पुलिस की संयुक्त टीम ने मोटरसाइकिल से अवैध शराब का परिवहन करते एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
39 पौवा शराब और बाइक जब्त
पुलिस के मुताबिक, मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति मोटरसाइकिल क्रमांक CG07CH8636 से अवैध शराब लेकर बेरला से कारोकन्या मंदिर रोड होते हुए चंडी की ओर जा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने कारोकन्या मंदिर मोड़ के आगे मेन रोड पर घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान ओमप्रकाश कुर्रे (29), निवासी ग्राम तिलई, थाना बेरला, जिला बेमेतरा के रूप में हुई है। उसके कब्जे से 39 पौवा देशी मसाला/अंग्रेजी शराब, कुल 7,020 एमएल, जिसकी कीमत करीब 4,300 रुपये बताई गई है, बरामद की गई।
इसके अलावा शराब परिवहन में इस्तेमाल मोटरसाइकिल कीमती करीब 45,000 रुपये भी जब्त की गई। पुलिस ने कुल 49,300 रुपये का सामान जब्त करते हुए आरोपी के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की है।
साइबर सेल और बेरला पुलिस की संयुक्त कार्रवाई
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल (IPS) के निर्देशन और वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई में साइबर सेल प्रभारी निरीक्षक मयंक मिश्रा, थाना प्रभारी बेरला उप निरीक्षक राजकुमार साहू सहित साइबर सेल और थाना बेरला की पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।