राजनांदगांव 10 मई 2022
राज्य सरकार के रायपुर में बड़ा प्रदर्शन नहीं आयोजित करने के फैसले को बीजेपी ने मुद्दा बना लिया है। फैसले के विरोध में बीजेपी 16 मई को जेल भरो आंदोलन करेगी। इसके लिए राजनांदगांव में एक बैठक भी आयोजित की गई। इस बैठक के बाद पता चला है कि इस प्रदर्शन में जिले भर के 8 हजार कार्यकर्ता शामिल होंगे।
इस आंदोलन के बैठक के लिए पूर्व सीएम रमन सिंह खुद सोमवार को राजनांदगांव पहुंचे थे। वहां उन्होंने देर शाम कार्यकर्ताओं की बैठक ली और आंदोलन को लेकर रूपरेखा तैयार की गई है। बैठक में पूर्व सांसद मधुसूदन यादव भी शामिल हुए थे। उनके अलावा जिले भर के कार्यकर्ता भी शामिल हुए।
बैठक के दौरान रमन सिंह ने राज्य सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार के अधिकार के लिए आवाज बुलंद करने वालों की आवाज को दबाने का प्रयास सरकार कर रही है। डॉ.भीमराव अंबेडकर ने देश के संविधान ने सभी को मौलिक अधिकार दिया है। जिसमें अपनी बातों को रखने का सभी को पूरा अधिकार है। इसलिए सरकार के तुगलकी आदेश के खिलाफ 16 मई को भाजपा जेल भरो आंदोलन करेगी।
इस वजह से विरोध
लोगों को हो रही असुविधा का हवाला देकर रायपुर जिला प्रशासन ने अब बूढ़ा तालाब स्थित धरना स्थल पर बड़े प्रदर्शन के लिए रोक लगा दी है। इसको लेकर जिला प्रशासन की ओर से आदेश भी जारी कर दिया गया है। इसमें कहा गया है कि अब केवल 100 की संख्या में ही प्रदर्शनकारी शांतिपूर्ण आंदोलन कर सकेंगे। इसके लिए भी प्रशासन से विधिवत अनुमति लेनी होगी। बड़े प्रदर्शन के लिए नवा रायपुर में पुराने राज्योत्सव के सामने मैदान को नया धरना स्थल निर्धारित किया गया है।