सरपंच से गाली गलौज का मामला : जनपद सदस्य हुआ गिरफ्तार

त्वरित खबरे

राजनांदगाव 9 घंटे पहले 

अनुसूचित जनजाति की महिला सरपंच से गाली गलौज के मामले में पुलिस ने डोंगरगढ़ जनपद के सदस्य को गिरफ्तार किया है। मामले की शिकायत सरपंच ने आजाक थाने मे दर्ज कराई थी।

डोंगरगढ़ जनपद सदस्य महेश सेन को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ के लिए हिरासत में लेने के बाद पुलिस ने जनपद सदस्य पर एट्रोसिटी एक्ट के तहत जुर्म दर्ज कर गिरफ्तारी की कार्रवाई की है। डोंगरगांव विधायक दलेश्वर साहू के प्रतिनिधि रहे महेश सेन के विरुद्ध पिछले कुछ दिनों से अलग-अलग मामलों में पुलिस से शिकायत की गई है, जिसमें रामाटोला पंचायत की सरपंच चित्रलेखा मंडावी ने भी जाति सूचक अपशब्दों का उपयोग करने को लेकर अनुसूचित जाति- थाने में शिकायत की थी।

पुलिस ने जांच के बाद आरोप को प्रथम दृष्टया सही मानते हुए जनपद सदस्य को गिरफ्तार किया है। जनपद सदस्य पर सीसी रोड निर्माण की स्वीकृति के लिए एक लाख रुपए का घूस लेने का भी आरोप है। अमलीडीह के पूर्व सरपंच यादराम कंवर ने भी प्रशासन से लिखित में शिकायत की है।

वहीं महेश सेन पर पंचायत के आदिवासी उपसरपंच किशोर कंवर को कथित रूप से आत्महत्या के लिए उकसाने का भी आरोप लगाया है। इस मामले को लेकर भाजपा लगातार प्रदर्शन कर रही है। रामाटोला में कल भाजपा के नेताओं ने मुख्यमंत्री एवं विधायक दलेश्वर साहू का पुतला भी फूंका है।