दस महाविद्या अनुष्ठान : मां पाताल भैरवी सिद्धपीठ में आज से 16 तक

त्वरित खबरे

राजनांदगांव  5 मई  2022 

विश्व शांति एवं मानव सेवा के जनकल्याण के लिए संत श्रीश्री 1011 योगाधिराज बर्फानी दादा के आशीर्वाद से पिछले 11 वर्षों से मां पाताल भैरवी सिद्धपीठ प्रांगण में आयोजित किए जा रहे मां राज राजेश्वरी त्रिपुर सुंदरी दस महाविद्या के महानुष्ठान के 12वें वर्ष में पूर्णाहुति के रूप में भव्य आयोजन बैशाख मास की महत्ता को देखते हुए एक से 16 मई तक किया गया है।

इसमें देशभर के विभिन्न सिद्धपीठों के विद्वान आचार्यों के द्वारा विधि विधान से मंत्रोच्चार के मध्य देवी- देवताओं व गुरु की पूजा अर्चना की जाएगी। आयोजन समिति से जुड़े मुख्य यजमान कुलबीर छाबड़ा ने बताया कि गुरुदेव श्री बर्फानी दादा के आशीर्वाद व मार्गदर्शन में पिछले 11 वर्षों से हिन्दू प्रसिद्ध मास बैशाख की महत्ता को देखते हुए विश्व शांति व जनकल्याण के लिए मां पाताल भैरवी सहित मां राज राजेश्वरी त्रिपुर सुंदरी दस महाविद्या, गणेशजी, हनुमानजी, भोलेनाथ, भैरवनाथ के साथ ही विभिन्न देवी देवताओं की पूजा अर्चना व अनुष्ठान किया जाता है। इस वर्ष अनुष्ठान का पूर्णाहुति वर्ष होने के कारण आयोजन को भव्य स्वरूप प्रदान करने के दृष्टिकोण से बर्फानी सेवाश्रम समिति के अध्यक्ष राजेश मारु, उपाध्यक्ष दीपक जोशी, सचिव गणेश प्रसाद शर्मा गन्नू, कोषाध्यक्ष नीलम जैन, महंत गोविंद दास, गुरुचरण सिंह छाबड़ा, महेन्द्र लुनिया, आलोक जोशी, सूरज जोशी, आलोक बिंदल, योगेन्द्र पांडे, कमलेश सिमनकर, संतोष खंडेलवाल, दामोदर अग्रवाल, लीलाधर सिंह, बलविंदर सिंह भाटिया, मनीष परमार, संजय खंडेलवाल सहित आयोजन से जुड़े श्रद्धालुओं के बीच चर्चा व विचार विमर्श कर कार्यक्रम को अंतिम रूप दिया गया।

इसमें बैशाख शुक्ल पक्ष एकम रविवार को वेदी स्थापना, श्री विद्या सिद्ध लक्ष्मी गणपति पूजन, दो को मां पाताल भैरवी पूजन, रुद्राभिषेक, श्रीहनुमान पूजन, तीन को श्री मां काली महाविद्या अनुष्ठान, चार को श्री मां तारा महाविद्या अनुष्ठान, पांच को श्री मां षोडशी महाविद्या अनुष्ठान, छह को मां भुनेश्वरी महाविद्या अनुष्ठान, सात को मां त्रिपुर भैरवी महाविद्या अनुष्ठान, आठ को मां छिन्नमस्ता महाविद्या अनुष्ठान, नौ को मां धूमावती महाविद्या अनुष्ठान, 10 को मां बगलामुखी महाविद्या अनुष्ठान, 11 मई को मां मातंगी महाविद्या अनुष्ठान, 12 मई को मां कमला महाविद्या अनुष्ठान, 13 को द्वादश ज्योर्तिलिंग अनुष्ठान, 14 को श्री भैरव बटुकनाथ अनुष्ठान, 15 मई को मां राज राजेश्वरी त्रिपुर सुंदरी दस महाविद्या अनुष्ठान के साथ ही महानुष्ठान की पूर्णाहुति की जाएगी। 16 मई को बैशाख मास की पूर्णिमा पर कन्या पूजन, बटुक पूजन व अनुष्ठान का विसर्जन होगा।