बदमाशों ने दिनदहाड़े लूटा बैंक : फायरिंग करते हुए घुसे अंदर

त्वरित खबरे - कैशियर को गन पॉइंट पर लेकर 5.60 लाख ले गए

गंगापुर सिटी  १३ अप्रैल  2 बाइक पर सवार आए 4 नकाबपोश बदमाशों ने दिनदहाड़े बैंक ऑफ बड़ौदा में लूट की वारदात को अंजाम दिया है। मंगलवार दोपहर करीब ढाई बजे कैशियर को गन पॉइंट पर लेकर 5.60 लाख रुपए लूट ले गए। पुलिस को सूचना मिली तो नाकाबंदी कराई, पर लुटेरों का सुराग नहीं मिला। पुलिस बैंक के फुटेज खंगाल रही है। मामला गंगापुर सिटी के बामनवास तहसील स्थित कोयला गांव का है।

CO तेज कुमार पाठक ने बताया कि बामनवास तहसील के कोयला गांव में बैंक ऑफ बड़ौदा की ग्रामीण शाखा में बदमाश हथियारों के दम पर 5.60 लाख रुपए लूटकर फरार हो गए। बैंक मैनेजर विष्णु गुप्ता और कैशियर हिम्मत सिंह ने बताया कि दोपहर करीब 2.25 बजे 2 बाइकों पर 4 नकाबपोश बदमाश आए थे। बैंक के बाहर एक राउंड फायर किया। इसके बाद बैंक में घुसकर हवाई फायर किया। उस समय बैंक में 4 से 5 ग्राहक भी थे। सभी को एक लाइन में खड़ा करा दिया। कैशियर को गन पॉइंट पर लेकर कैश काउंटर से 5.60 लाख रुपए लूट लिए। इसके बाद बैंक का शट्‌टर गिराकर दो राउंड फायर किए और फरार हो गए। चारों बदमाशों के बाद देसी कट्‌टा था। बदमाशों में से तीन ने कपड़े से चेहरा ढक रखा था। एक बदमाश ने मास्क लगा रखा था।

दीवारों पर मिले फायरिंग के निशान
CI बृजेश कुमार मीणा ने बताया कि बदमाशों के फरार होने के बाद स्टाफ ने पुलिस को सूचना दी। इस पर CO तेजकुमार पाठक, CI बृजेश कुमार मीणा टीम के साथ पहुंचे। पुलिस ने बैंक स्टाफ के साथ वहां मौजूद ग्राहकों से घटना की जानकारी लेकर नाकाबंदी कराई। बैंक के CCTV फुटेज भी खंगाले, लेकिन बदमाशों का कोई सुराग नहीं लगा। पुलिस को बैंक की दीवारों पर फायरिंग के निशान मिले हैं।