सेक्सटार्शन और ऑनलाइन फ्रॉड से ग्रामीणों को बचाने हर गांव में लगेगी चौपाल

त्वरित खबरे - साइबर फ्रॉड जागरूकता

भिलाई १२ अप्रैल साइबर फ्रॉड के बढ़ते मामलों से निपटने और ग्रामीणों को ऐसी ठगी से बचाने के लिए पुलिस ने जिले में मुहिम शुरू की है। इसके तहत हर गांव में चौपाल लगाकर लोगों को जागरूक किया जाना तय किया गया है। इतना ही नहीं हर थानेदार को अधिकतम 5 गांव के सभी ग्रामीणों को सेक्सटार्शन, साइबर फ्रॉड के बारे में जानकारी दी जा रही है, अंडा, अमलेश्वर और पाटन के 40 से अधिक गांव तक पहुंची। जहां 450 से ज्यादा ग्रामीणों को जागरूक किया गया।


शिकायत टोल फ्री नंबर 115260 व डीएसपी क्राइम के 9479192017 नं. पर करें

ग्रामीण बुजुर्ग और युवा सेक्सटॉर्शन से ज्यादा हो रहे हैं शिकार
एएसपी ग्रामीण अनंत साहू ने बताया कि बोरी थाने में पकड़ाए आरोपी वकील के आपराधिक रिकॉर्ड से पता चला कि लोग सेक्सटॉर्शन के ज्यादा शिकार हो रहे हैं। इसलिए जागरूकता के लिए जन चौपाल शुरू की गई है। गैंग सेक्सटॉर्शन के जरिये ब्लैकमेल करके 5 से 10 हजार रुपयों की मांग करते हैं। ठगी का शिकार होने के बाद लोग सामने नहीं आते। ऐसे में कार्रवाई नहीं हो पाती। लोगों को बताया गया कि ठगी का शिकार होने के बाद सबसे पहले पुलिस से संपर्क करना है।

साइबर फ्रॉड कारण जानकारी का अभाव, इसलिए अभियान हुआ शुरू
जांच में अक्सर ऐसी बात सामने आती है कि लोग जानकारी के अभाव में साइबर ठगी का शिकार हो जाते हैं। ठग अलग-अलग अफसर बनकर लोगों से संपर्क करके ठगी करते हैं। जानकारी नहीं होने के कारण बैंक की जानकारी और ओटीपी नंबर शेयर कर देते हैं। जागरूकता के जरिए ठगी का तरीके और उससे बचने के उपाय की जानकारी ग्रामीणों को दी जा रही है। जागरुकता में कमी को देखते हुए ही पुलिस विभाग ने इस अभियान को शुरू किया है। ताकि क्राइम कम हो सके।

सेक्सटॉर्शन के आरोपी का वीडियो अवेरनेस के लिए ज्यादा असरदार
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ठगी करने के तरीके का एक वीडियो बनाया गया था। जिसमें आरोपी ने सोशल मीडिया से पीड़ितों से संपर्क करने से लेकर अश्लील वीडियो दिखाकर ब्लैकमेल करने की पूरी जानकारी दी थी। आरोपी का वीडियो देखकर लोग आसानी से सेक्सटॉर्शन के जरिए होने वाली ठगी को समझ रहे हैं। सभी थानेदारों को प्रतिदिन 2 से 5 गांव जाकर साइबर फ्रॉड, ट्रैफिक अवेरनेस की जानकारी देने का टारगेट दिया गया।