जनपद परिसर में शुरू हुआ सी मार्ट : नई पहल

त्वरित खबरे

भिलाई  12 अप्रैल जिले के 84 समूहों की महिलाओं के उत्पादों को नई पहचान मिलेगी। उनके हाथों से बनाए उत्पादों को नया डिस्प्ले मिलेगा। इससे उन्हें इन सामान को बेचने में आसानी होगी। बिहान के सदस्य उनका कामकाज देखेंगे। इससे उन्हें काफी राहत भी मिलने की उम्मीद है।

समूहों के लिए नई सुविधा का द्वार सी-मार्ट ने खोला है। यहां वह फिलहाल धनिया, मिर्च पाउडर से लेकर आर्टिफिशियल ज्वेलरी समेत घरों में उपयोग में आने वाली 54 सामग्री रखी हैं। इससे उनके उत्पादों को नया ब्रांड नेम मिलेगा। समूहों के उत्पादों के विपणन और वितरण में काफी परेशानी होती थी।

इसकी वजह से कई महिलाएं चाह कर भी इस दिशा में आगे नहीं आती थीं। सी-मार्ट के खुलने से उन्हें काफी राहत मिलेगी। उनके उत्पादों को न केवल एक ब्रांड का नाम मिला है, बल्कि उसे लोगों तक पहुंचाने के लिए नया साधन और संस्थान भी मिला है। यहां फिलहाल 54 सामग्री रखे हैं। सारे सामान घरों और रसोई में उपयोग लाए जाने वाले हैं। इससे एसएचजी समूह की महिलाओं को अच्छी आय होने की उम्मीद है। यह सारे उत्पाद उन्होंने बनाए हैं। समूह की पदाधिकारियों का कहना है कि आने वाले समय में हाथों से तैयार किए गए और भी सामानों को यहां बिक्री के लिए उपलब्ध कराएंगे।

ब्रांड नेम के साथ उत्पाद बेचने में मिलेगी मदद: मंत्री साहू
गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू ने जनपद पंचायत परिसर में सी-मार्ट का उद्घाटन किया। कहा कि अभी मैंने सी-मार्ट की सामग्री देखी। इसकी विशेषता होती है कि लोगों को इसकी गुणवत्ता पर संदेह नहीं होता। बाड़ी योजना के माध्यम से जो उत्पादन आप लोग कर रही हैं उनका डिस्प्ले भी यहां किया है। नेम के साथ आप यहां सामान बेच रही हैं। गुणवत्ता का ध्यान रखें।

उत्पादों की पैकेजिंग व मार्केटिंग में आसानी
सी-मार्ट से उत्पादों की आकर्षक पैकेजिंग व मार्केटिंग की व्यवस्था की गई है। सेंटर से निर्माताओं को बड़ा बाजार मिलेगा। एक ही छत के नीचे बहुत सी वैरायटी उपलब्ध है। विधायक अरुण वोरा ने कहा कि इससे रोजगारोन्मुख चीजों का विकास होगा। उत्पादों की गुणवत्ता पर कार्य किया जा रहा है। जिप अध्यक्ष शालिनी यादव ने कहा कि एसएचजी की महिलाओं के बनाए उत्पादों की मांग रहती है। वे इससे आगे बढ़ पाएंगी।