भिलाई 8 अप्रैल मोहन नगर, छावनी और तालपुरी में ऑनलाइन सट्टा संचालित कराने वाले गिरोह से जब्त 83 अकाउंट की पुलिस डिटेल खंगाल रही है। पुलिस खाताधारकों को नोटिस जारी करके ट्रांजिक्शन को लेकर पूछताछ करेगी। इसके साथ बैंक खातों में जमा 20 लाख रुपए पुलिस ने होल्ड करवा दिया हैं। छावनी में पकड़ाए सौरभ शुक्ला को लेकर नई जानकारी सामने आई है। तीन महीने तक ट्रेनिंग करने के बाद वह बीमारी का इलाज कराने का बहाना बनाकर दुबई से भागकर भिलाई आ गया था। इसके बाद उसने अपना सेटअप तैयार किया। ऑनलाइन सट्टा संचालित करने लगा।
पुलिस ने बताया कि सौरभ ने कई और खुलासे किए हैं। सटोरियों से जो खाते जब्त किए गए हैं, सभी में अलग अलग ट्रांजिक्शन किया गया है। कुछ खाते सिर्फ तीन महीने तक एक्टिव रहे। जबकि कुछ में ट्रांजेक्शन करीब 1 साल तक किया गया है। स्टेटमेंट वेरीफिकेशन के बाद खातों में लेनदेन का पूरा रिकार्ड तैयार हो पाएगा। पुलिस ने बताया खुलासे के बाद से आईडी ऑपरेट करने वाले अलग-अलग ठिकानों में छिप गए हैं। मुख्य रूप से राज्यों की सीमाओं को ठिकाना बनाया है। उनकी जानकारी जुटाई जा रही है।
सौरभ शुक्ला से पूछताछ में पता चला है कि पूरा नेटवर्क वाट्सएप, इंस्टाग्राम, टेलीग्राफ और टेलीग्राम में ऑपरेट होता है। सभी पूरा कम्युनिकेशन इन्हीं एप के माध्यम से करते है। उसने बताया कि महादेव के लेनदेन का पूरा हिसाब किताब यश नाम का युवक करता है। उसके साथ रायपुर निवासी हितेश उर्फ गिल्लू भी शामिल है। सौरभ ने पुलिस को बताया है कि गैंग की बैंक के कुछ कर्मचारियों से सांठगांठ है। इस वजह से आसानी से बैंक अकाउंट खुल जाते हैं।
पुष्पक नगर से हुआ इस पूरे मामले का भंडाफोड़
मोहन नगर के पुष्पक नगर से पकड़ाए आलोक सिंह और उसके दो साथियों से पुलिस ने 70 बैंक अकाउंट जब्त किए थे। इसी तरह तालपुरी से नवंबर महीने में पकड़ाए रिकी पारख से 13 खाते जब्त किए गए थे। रिकी पारख से आलोक और सौरभ के तार जुड़ने के बाद दोबारा से जांच शुरु की गई है। इससे पता चला कि 13 बैंक अकाउंट में 25 लाख रुपए से ज्यादा का ट्रांजेक्शन तीन महीने में किया गया है। इसी तरह आलोक से जब्त 70 बैंक अकाउंट में भी 50 लाख से ज्यादा का ट्रांजेक्शन हुआ है। सभी बैंक अकाउंट दुर्ग भिलाई और राजनांदगांव से जुड़े हैं।
जब्त बैंक खातों के ट्रांजेक्शन डिटेल जुटाए जा रहे हैं
^सटोरियों से जब्त बैंक अकाउंट के ट्रांजेक्शन जुटाया जा रहा है। अब तक करीब 83 बैंक अकाउंट की डिटेल मिली है। खाताधारकों को नोटिस देकर पूछताछ की जाएगी। सटोरियों से मिली जानकारी को डेवलप करके बाकी की कड़ियों को जोड़ा जा रहा है।