केरल की सड़कों पर घूम-घूमकर गुब्बारे बेचने वाली लड़की अब अपनी ख़ूबसूरती को लेकर चर्चा में है। केरल में अंडालूर कावु फेस्टिवल के दौरान पय्यान्नूर के अर्जुन कृष्णन नाम के फोटोग्राफर की नजर किस्बू नाम की एक लड़की पर पड़ी। वह गुब्बारों और रोशनी के बीच खड़ी हुई थी। इस लड़की का लुक इतना शानदार था कि अर्जुन खुद को रोक नहीं पाए और उन्होंने फौरन उसकी एक तस्वीर खींच ली। इसके बाद उन्होंने लड़की और उसकी मां को भी फोटो दिखाया। इस फोटो को इंस्टाग्राम पर शेयर किया जिसके बाद किस्बू की फोटो वायरल हो गई।
मां-बेटी दोनों अर्जुन की खींची हुई फोटो को देखकर काफी खुश थे। किस्बू एक राजस्थानी परिवार से ताल्लुक रखती है और वह केरल की सड़कों पर घूम-घूमकर गुब्बारे बेचती थी। लेकिन किस्बू को जरा भी अंदाजा नहीं था कि उसकी किस्मत ऐसे पलटने वाली है।
किस्बू की फोटो खींचने के दो दिन बाद अर्जुन कृष्णन ने उसे अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर कर दिया। उनकी इस पोस्ट पर लोगों की जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली। अर्जुन बताते हैं कि उनके दोस्त श्रेयस ने भी किस्बू की एक तस्वीर खींचकर सोशल मीडिया पर शेयर की थी, जो कुछ ही देर में वायरल हो गई। इसके बाद किस्बू के परिवार से उनके लिए मेकओवर फोटोशूट कराने लिए कॉन्टैक्ट किया गया। फिर स्टाइलिस्ट रेम्या की मदद से किस्बू का मेकओवर किया गया। किस्बू की तरह और भी कई आम लड़कियां सामने आई हैं, जिन्हें सोशल मीडिया से शोहरत मिली।