दिग्विजय कॉलेज में जैव विविधता पर विशेष व्याख्यान, संरक्षण के लिए अपनाएं पर्यावरण अनुकूल जीवनशैली : डॉ. द्विवेदी

त्वरित खबरें :भूमिका रिपोर्टिंग

राजनांदगांव। शासकीय स्नातकोत्तर दिग्विजय महाविद्यालय के भूगोल विभाग द्वारा दिग्विजय व्याख्यान माला के अंतर्गत ‘जैव विविधता’ विषय पर विशेष व्याख्यान कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें नगर के शिक्षाविद् एवं विषय विशेषज्ञ डॉ. कृष्ण कुमार द्विवेदी मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुए।

कार्यक्रम में डॉ. द्विवेदी ने स्नातकोत्तर छात्र-छात्राओं को जैव विविधता के महत्व की जानकारी देते हुए बताया कि पृथ्वी पर पाए जाने वाले विभिन्न जीव-जंतु, पेड़-पौधे, वनस्पतियां और सूक्ष्मजीवों की विविधता ही जैव विविधता कहलाती है। यही विविधता पृथ्वी को सुंदर, सजीव और समृद्ध बनाती है।

उन्होंने जैव विविधता के विभिन्न स्तरों, आनुवंशिक विविधता, प्रजातीय विविधता और पारिस्थितिक तंत्र की विविधता के बारे में विस्तार से समझाया। साथ ही बताया कि जैव विविधता से मानव समाज को भोजन, औषधियां, प्राकृतिक सौंदर्य और सांस्कृतिक लाभ प्राप्त होते हैं।

डॉ. द्विवेदी ने वर्तमान समय में जैव विविधता के ह्रास और पर्यावरण पर बढ़ते खतरों को गंभीर चिंता का विषय बताया। उन्होंने विद्यार्थियों से जैव विविधता के संरक्षण और संवर्धन को अपनी जिम्मेदारी समझने की अपील की। उन्होंने घर-घर पांच पेड़ लगाने, जीव-जंतुओं के संरक्षण तथा जल, मिट्टी और वायु को प्रदूषण से बचाने का संदेश दिया। साथ ही दैनिक जीवन में पर्यावरण अनुकूल जीवनशैली अपनाने पर जोर दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ भूगोल विभागाध्यक्ष प्रो. एम.के. सांकरे ने डॉ. द्विवेदी के परिचय एवं स्वागत उद्बोधन के साथ किया। इस अवसर पर डॉ. एस. जैनामणि सहित अतिथि व्याख्यातागण उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन एवं आभार प्रदर्शन वरिष्ठ व्याख्याता डॉ. गुरुपंच ने किया।