दुर्ग-भिलाई। साइबर ठगी की रकम का लेन-देन करने के लिए बैंक खाते उपलब्ध कराने वालों के खिलाफ दुर्ग पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। थाना सुपेला, पुरानी भिलाई और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने म्यूल बैंक खातों के मामले में 8 खाताधारकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों पर कमीशन के लालच में अपने बैंक खाते और उनसे जुड़े दस्तावेज दूसरे लोगों को उपलब्ध कराने का आरोप है।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी 5 हजार से 15 हजार रुपये तक कमीशन पाने के लालच में अपने बैंक खाते साइबर अपराधियों से जुड़े एजेंटों को उपलब्ध कराते थे। इसके लिए बैंक पासबुक, एटीएम कार्ड, चेकबुक और सिम कार्ड भी दिए जाते थे। इन खातों का इस्तेमाल साइबर ठगी से प्राप्त रकम को एक खाते से दूसरे खाते में ट्रांसफर करने के लिए किया जाता था।
जांच के दौरान संबंधित बैंक खातों में लाखों रुपये से अधिक के संदिग्ध लेन-देन सामने आए हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बैंक पासबुक, एटीएम कार्ड, चेकबुक, सिम कार्ड और मोबाइल फोन जब्त किए हैं।
इस मामले में थाना सुपेला के अपराध क्रमांक 1320/2026 और थाना पुरानी भिलाई के अपराध क्रमांक 497/2026 के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(2), 318(3) और 317(4) के तहत वैधानिक कार्रवाई की है।
दुर्ग पुलिस साइबर अपराधों में इस्तेमाल होने वाले म्यूल बैंक खातों के नेटवर्क की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि कमीशन के लालच में अपना बैंक खाता, एटीएम कार्ड या बैंकिंग दस्तावेज किसी दूसरे व्यक्ति को देना गंभीर कानूनी परेशानी का कारण बन सकता है।