ऑनलाइन गेमिंग की लत ने पहुंचाया कर्ज में, 10 लाख चुकाने के लिए रची चोरी की साजिश; दो आरोपी गिरफ्तार मोहारा पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त कार्रवाई, 15.50 लाख रुपये की संपत्ति बरामद

राहुल ओझा ब्यूरो प्रमुख-राजनांदगांव

ऑनलाइन गेमिंग की लत ने पहुंचाया कर्ज में, 10 लाख चुकाने के लिए रची चोरी की साजिश; दो आरोपी गिरफ्तार

मोहारा पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त कार्रवाई, 15.50 लाख रुपये की संपत्ति बरामद

डोंगरगढ़/राजनांदगांव। ऑनलाइन गेमिंग की लत किस तरह अपराध की राह पर ले जा सकती है, इसका एक मामला राजनांदगांव जिले के मोहारा चौकी क्षेत्र में सामने आया है। ऑनलाइन गेमिंग में करीब 10 लाख रुपये गंवाने और कर्ज में डूबने के बाद एक युवक ने अपने साथी के साथ मिलकर चोरी की साजिश रची। दोनों आरोपियों ने ग्राम ठाकुरटोला के एक सूने मकान का ताला तोड़कर लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए थे। मामले में पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर कुल 15 लाख 50 हजार रुपये की संपत्ति जप्त की है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम ठाकुरटोला निवासी दीपक वर्मा ने 25 अगस्त 2026 को पुलिस चौकी मोहारा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह सुबह परिवार के साथ खेती-किसानी के काम से खेत गया था। दोपहर करीब एक बजे घर लौटने पर मकान का ताला टूटा मिला और आलमारी में रखे सोने-चांदी के आभूषण गायब थे। शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 483/2026 के तहत बीएनएस की धारा 331 एवं 305 में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी डोंगरगढ़ केसरी नंदन नायक के पर्यवेक्षण में मोहारा पुलिस चौकी और साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित की गई। जांच के दौरान पुलिस को ग्राम ठाकुरटोला निवासी सुरेन्द्र साहू (36) और गणेश्वर नेताम उर्फ राजू नेताम (25) पर संदेह हुआ।

पूछताछ में सामने आया कि सुरेन्द्र साहू ऑनलाइन गेमिंग में करीब 10 लाख रुपये हार चुका था और कर्ज चुकाने के लिए उसने अपने साथी गणेश्वर नेताम के साथ चोरी की योजना बनाई थी। दोनों ने पहले मकान की रेकी की और वारदात के दिन सुबह करीब चार बजे मौके पर पहुंच गए। घर के सभी सदस्यों के खेत चले जाने के बाद गणेश्वर नेताम छत के रास्ते नीचे उतरा और लोहे की रॉड से कमरे तथा आलमारी का ताला तोड़कर सोने का नेकलेस, मंगलसूत्र, अंगूठी, चांदी का करधन और पैरपट्टी चोरी कर ली।

वारदात के बाद दोनों आरोपी कार क्रमांक CG 04 NZ 3480 से रायपुर चले गए और इन्द्रप्रस्थ कॉलोनी में किराये के मकान में रहने लगे। चोरी के जेवरात बेचने का प्रयास किया गया, लेकिन सफलता नहीं मिलने पर कुछ आभूषण किराये के मकान में छिपाकर रख दिए गए।

पुलिस जांच में एक अन्य चोरी का मामला भी सामने आया। आरोपी सुरेन्द्र साहू ने रायपुर के अरिहंत नगर स्थित एक मकान में घरेलू कामकाज के दौरान सोने के टॉप्स और झुमके चोरी कर मुथूट फाइनेंस डोंगरगढ़ में गिरवी रखने की बात भी स्वीकार की।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ग्राम ठाकुरटोला की चोरी के सोने-चांदी के जेवरात, जिनकी कीमत करीब 8 लाख 50 हजार रुपये है, वारदात में प्रयुक्त 5 लाख रुपये कीमत की कार तथा रायपुर के अरिहंत नगर से चोरी किए गए 2 लाख रुपये कीमत के सोने के जेवरात सहित कुल 15 लाख 50 हजार रुपये की संपत्ति जप्त की है।

पुलिस ने दोनों आरोपियों सुरेन्द्र साहू पिता प्यारा दास साहू एवं गणेश्वर नेताम उर्फ राजू नेताम पिता प्रीतम नेताम, दोनों निवासी ग्राम ठाकुरटोला, पुलिस चौकी मोहारा, थाना डोंगरगढ़ को गिरफ्तार कर वैधानिक कार्रवाई की है। मामले में अग्रिम विवेचना जारी है।

इस कार्रवाई में साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक विनय पम्मार, चौकी प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार सिंह सहित मोहारा चौकी एवं साइबर सेल के पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की सराहनीय भूमिका रही।