सिंघोला में संकुल स्तरीय खेल महोत्सव का आयोजन, विजेता खिलाड़ियों को किया गया सम्मानित

त्वरित खबरें :भूमिका रिपोर्टिंग

राजनांदगांव। ग्राम सिंघोला में संकुल स्तरीय खेल महोत्सव का आयोजन उत्साह और हर्षोल्लास के साथ किया गया। महोत्सव में विभिन्न विद्यालयों के प्राथमिक एवं माध्यमिक स्तर के छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया और अलग-अलग खेल प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती प्रतिमा पप्पू चंद्राकर शामिल हुईं। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में जनपद सदस्य एवं सभापति श्रीमती खुशबू राकेश साहू, ग्राम सरपंच मुकेश साहू, जनपद अध्यक्ष प्रतिनिधि रमेश चंद्राकर और ग्राम के गणमान्य नागरिक प्रेम चंद्राकर सहित अन्य अतिथि मौजूद रहे।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि प्रतिमा पप्पू चंद्राकर ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के शारीरिक और मानसिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। खेलों से बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित होती है। उन्होंने कहा कि पढ़ाई के साथ खेलकूद भी जरूरी है। ग्रामीण क्षेत्रों में ऐसे आयोजन बच्चों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतर मंच प्रदान करते हैं।

उन्होंने विद्यार्थियों को जीत-हार से अधिक खेल भावना, मेहनत और भागीदारी को महत्व देने की सीख दी। साथ ही निरंतर आगे बढ़कर अपने विद्यालय और गांव का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।

खेल प्रतियोगिताओं के समापन पर विभिन्न खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान शिक्षक-शिक्षिकाओं और संकुल समन्वयक ने अतिथियों का स्वागत एवं सम्मान किया।

कार्यक्रम में अतिथियों ने शिक्षकों और संकुल समन्वयक के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों की प्रतिभा को निखारने के साथ उनमें आपसी सहयोग और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करते हैं।