राजनांदगांव। शहर के श्रमिक बाहुल्य क्षेत्र लखोली वार्ड क्रमांक 32 स्थित शासकीय विद्यालय मैदान में संकुल स्तरीय क्रीड़ा प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में लखोली नाका, चौखड़ियापारा, गौरी नगर और नंदई सहित कुल पांच संकुलों के छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया। इस दौरान स्कूली बच्चों ने विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में उत्साह के साथ भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता के समापन समारोह में वार्ड पार्षद गिरिजा संतोष निर्मलकर ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और उनका उत्साहवर्धन किया।
खेलों से बच्चों का शारीरिक और बौद्धिक विकास होता है
इस अवसर पर पार्षद गिरिजा संतोष निर्मलकर ने कहा कि खेल हमारे जीवन का अभिन्न हिस्सा हैं। खेलों से बच्चों का शारीरिक और बौद्धिक विकास होता है। इसके साथ ही बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास, आपसी सहयोग और टीम भावना विकसित होती है। उन्होंने कहा कि बच्चों की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए इस तरह के आयोजन बेहद जरूरी हैं।
कार्यक्रम में श्रीमती चंद्रिका साहू, पूर्व पार्षद प्रतिनिधि आशीष डोंगरे, पत्रकार अंकालु साहू, महेश्वर साहू, समाजसेवी कय्यूम खान सहित शाला विकास एवं प्रबंधन समिति के पदाधिकारी, विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, वार्डवासी और अभिभावक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।