सुपेला ओवरब्रिज से गुजरने वाले ध्यान दें! मरम्मत कार्य के चलते बदली यातायात व्यवस्था...

त्वरित ख़बरें :- अमित यादव रिपोर्टिंग

दुर्ग-भिलाई। नेशनल हाईवे स्थित सुपेला ओवरब्रिज पर सस्पेंशन मरम्मत कार्य के चलते यातायात व्यवस्था में अस्थायी बदलाव किया गया है। यातायात पुलिस दुर्ग के अनुसार, 19 नवंबर की सुबह 6 बजे से ओवरब्रिज पर मरम्मत कार्य किया जाएगा। इस दौरान रायपुर से दुर्ग की ओर जाने वाले सुपेला ओवरब्रिज मार्ग पर वन-वे व्यवस्था लागू रहेगी।

मरम्मत कार्य के दौरान छोटे चारपहिया और अन्य हल्के वाहनों का आवागमन निर्धारित ओवरब्रिज मार्ग से जारी रहेगा। वहीं, भारी वाहनों को मजार के पास से सर्विस रोड की ओर डायवर्ट किया जाएगा। यह मार्ग आगे प्रदर्शनी परिसर के पास नेशनल हाईवे से जुड़ेगा।

यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे बदली हुई यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखकर अपनी यात्रा की योजना बनाएं। वाहन चालक कार्यस्थल पर अनावश्यक रूप से रुकने, जल्दबाजी करने और ओवरटेक करने से बचें।

भारी वाहन चालकों को निर्धारित सर्विस रोड का ही उपयोग करने की सलाह दी गई है। पुलिस ने कहा है कि यातायात नियमों और मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन कर सुरक्षित एवं सुगम आवागमन में सहयोग करें।