सांसद संतोष पांडेय से जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने की सौजन्य मुलाकात, क्षेत्र के विकास पर हुई सार्थक चर्चा
डोंगरगढ़/राजनांदगांव। दीपावली के पावन पर्व के अवसर पर धर्मनगरी डोंगरगढ़ के जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने राजनांदगांव लोकसभा क्षेत्र के सांसद श्री संतोष पांडेय से सौजन्य मुलाकात कर उन्हें दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। इस दौरान क्षेत्रवासियों की सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य एवं खुशहाली की कामना की गई।
मुलाकात के दौरान डोंगरगढ़ सहित राजनांदगांव लोकसभा क्षेत्र के समग्र विकास से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तारपूर्वक चर्चा हुई। प्रमुख रूप से रेलवे सुविधाओं के विस्तार, सड़कों के सुधार, पेयजल व्यवस्था, स्वच्छता अभियान, शहरी सुविधाओं के विकास तथा क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं को लेकर विचार-विमर्श किया गया।
इसके साथ ही धर्मनगरी डोंगरगढ़ में मां बम्लेश्वरी मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधाओं को और बेहतर बनाने तथा आगामी विकास परियोजनाओं में जनभागीदारी सुनिश्चित करने जैसे विषय भी चर्चा के केंद्र में रहे।
सांसद श्री संतोष पांडेय ने दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार के आपसी सहयोग से डोंगरगढ़ सहित संपूर्ण राजनांदगांव लोकसभा क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। क्षेत्र की जनसमस्याओं के समाधान और विकास कार्यों को गति देने के लिए वे लगातार प्रयासरत हैं।
इस सौजन्य मुलाकात को क्षेत्र के विकास एवं जनहित से जुड़े मुद्दों पर सकारात्मक संवाद की दिशा में एक सार्थक पहल के रूप में देखा जा रहा है।