बालोद में अफसरों को दी गई विदाई: कलेक्टर ने कहा- स्थानांतरण नए अनुभव और जिम्मेदारियों का अवसर

त्वरित खबरें :अरुण रिपोर्टिंग

बालोद। जिला मुख्यालय में स्थानांतरित राजस्व एवं प्रशासनिक अधिकारियों के सम्मान में विदाई-सह सम्मान एवं मिलन समारोह आयोजित किया गया। समारोह में स्थानांतरित अधिकारियों ने बालोद जिले में अपने सेवाकाल के अनुभव साझा किए और अधिकारियों-कर्मचारियों से मिले सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।

कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने वर्चुअल माध्यम से समारोह में जुड़कर स्थानांतरित अधिकारियों की कार्यशैली और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना की। उन्होंने नई जिम्मेदारियां मिलने पर अधिकारियों को बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक सेवा में स्थानांतरण एक स्वाभाविक प्रक्रिया है। अलग-अलग स्थानों पर कार्य करने से नए अनुभव मिलते हैं और कार्यक्षमता को बेहतर बनाने का अवसर मिलता है। उन्होंने अधिकारियों से नई जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा और संवेदनशीलता के साथ निर्वहन करने की अपेक्षा व्यक्त की।

कलेक्टर ने राष्ट्रीय स्तर पर बालोद जिले को मिले विभिन्न पुरस्कारों और सम्मानों का उल्लेख करते हुए कहा कि ये उपलब्धियां पूरी प्रशासनिक टीम की मेहनत, समन्वय, नवाचार और कर्तव्यनिष्ठा का परिणाम हैं। उन्होंने स्थानांतरित अधिकारियों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में किए गए प्रयासों से जिले की प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूती मिली।

अपर कलेक्टर श्री चंद्रकांत कौशिक ने प्रशासनिक सेवा में स्थानांतरण को सीखने और नए अनुभव हासिल करने का अवसर बताया। उन्होंने विधानसभा, लोकसभा एवं पंचायत निर्वाचन को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने में राजस्व अमले के योगदान की सराहना की और अधिकारियों-कर्मचारियों से टीम भावना के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

डिप्टी कलेक्टर श्रीमती प्राची ठाकुर ने बालोद में अपने करीब साढ़े चार वर्ष के सेवाकाल के अनुभव साझा किए। उन्होंने बारिश और बाढ़ जैसी आपात परिस्थितियों में अधिकारियों-कर्मचारियों द्वारा फील्ड में रहकर किए गए कार्यों को याद किया। वहीं डिप्टी कलेक्टर श्रीमती प्रतिमा ठाकरे ने कहा कि राजस्व कार्य किसी एक अधिकारी का नहीं, बल्कि पूरी टीम के समन्वय से पूरा होता है।

अपर कलेक्टर श्री अजय किशोर लकड़ा ने सकारात्मक सोच और टीम भावना के साथ जनसेवा करने का संदेश दिया। समारोह में डिप्टी कलेक्टर श्री सुरेश कुमार साहू और तहसीलदार श्री कोमल ध्रुव सहित अन्य स्थानांतरित अधिकारियों ने भी अपने अनुभव साझा किए और जिले में मिले सहयोग के लिए आभार जताया।

इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री नूतन कंवर, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती मधुहर्ष, एसडीएम श्री शिवनाथ बघेल, सहायक वन संरक्षक श्री डिकेन्द्र नेताम, तहसीलदार एवं अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम ने प्रशासनिक अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच आपसी समन्वय, आत्मीयता और टीम भावना को और मजबूत किया।