दुर्ग, के अंजोरा स्थित दाऊ श्री वासुदेव चंद्राकर कामधेनु विश्वविद्यालय में शैक्षणिक पदों पर चल रही भर्ती प्रक्रिया को राजभवन ने तत्काल प्रभाव से स्थगित करने का आदेश दिया है। आदेश के बाद विश्वविद्यालय में भर्ती, नियुक्ति और साक्षात्कार से जुड़ी सभी प्रक्रियाएं आगामी आदेश तक रोक दी गई हैं।
मामला विश्वविद्यालय में शैक्षणिक पदों की भर्ती के साथ-साथ भवन निर्माण और रखरखाव कार्यों में कथित अनियमितताओं से जुड़ी शिकायतों के बाद सामने आया है। राजभवन के अनुसार इन शिकायतों का राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय के कुलाधिपति ने संज्ञान लिया है। विश्वविद्यालय अधिनियम, 2011 की धारा-52 के तहत चल रही जांच की प्रगति के निरीक्षण के निर्देश भी दिए गए हैं।
बताया गया है कि भर्ती प्रक्रिया को लेकर आरक्षण रोस्टर, बैकलॉग पद, पदों के निर्धारण, स्वीकृत सेटअप से अधिक पदों के विज्ञापन और नियुक्ति प्रक्रिया सहित कई मुद्दों पर शिकायतें की गई थीं। कार्य परिषद के सदस्यों और जनप्रतिनिधियों की ओर से भी भर्ती प्रक्रिया की पारदर्शिता को लेकर सवाल उठाए गए थे।
दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर और अहिवारा विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा की ओर से भी राज्यपाल के समक्ष मामला उठाए जाने की जानकारी सामने आई है। वहीं, विश्वविद्यालय के भवन निर्माण और रखरखाव कार्यों में कथित गड़बड़ियों की शिकायतों का भी जांच के दायरे में उल्लेख किया गया है।
राजभवन के आदेश के बाद अब विश्वविद्यालय में चल रही जांच की प्रगति और उसके निष्कर्षों पर नजर रहेगी। इसके बाद ही भर्ती प्रक्रिया को लेकर आगे का निर्णय लिया जाएगा।